सिंगरौली। पुलिस दर्पण
सिंगरौली। मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले में शादी का झांसा देकर युवती से ज्यादती करने और बच्चा होने के बाद भी शादी से इनकार करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी काफी समय से पुलिस की गिरफ्त से बचने की कोशिश कर रहा था। पुलिस के मुताबिक आरोपी घर से भागने की फिराक में था, लेकिन मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
स्कूल के समय से एक-दूसरे को जानते थे
पुलिस के अनुसार पीड़िता और आरोपी एक-दूसरे को स्कूल के समय से जानते थे। दोनों के बीच करीब दो-तीन वर्षों से बातचीत थी। इसी दौरान आरोपी ने युवती से शादी करने का वादा किया और उसे अपने साथ ले गया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने शादी का प्रलोभन देकर उसके साथ ज्यादती की और बाद में शादी करने से लगातार इनकार करता रहा।
किराए के मकान में ले जाकर किया ज्यादती का आरोप
पीड़िता की शिकायत के मुताबिक 21 सितंबर 2024 को आरोपी उसे गोरबी बस स्टैंड से बैढ़न-बलियरी स्थित एक किराए के मकान में ले गया था। यहां आरोपी ने शादी का भरोसा देकर उसके साथ ज्यादती की। इसके बाद अक्टूबर 2024 में युवती गर्भवती हो गई। गर्भवती होने के बाद भी आरोपी ने शादी नहीं की और अलग-अलग बहाने बनाता रहा।
आरोपी के परिवार ने शादी से किया इनकार
शिकायत के अनुसार जून 2025 में आरोपी युवती को अपने घर ले गया था। युवती को उम्मीद थी कि अब दोनों की शादी हो जाएगी, लेकिन आरोपी के परिवार ने शादी कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद आरोपी ने युवती को अपने घर के पीछे एक झोपड़ी बनाकर वहां रखने की बात सामने आई है।
जुलाई में बच्चे को जन्म, फिर भी नहीं की शादी
जुलाई 2025 में युवती ने बच्चे को जन्म दिया। बच्चे के जन्म के बाद भी आरोपी ने युवती से शादी नहीं की। पीड़िता का आरोप है कि वह लगातार शादी की बात कहती रही, लेकिन आरोपी टालमटोल करता रहा।
कमाने जाने के बहाने स्टेशन लाया और छोड़कर फरार
पुलिस के मुताबिक 25 मार्च 2026 को आरोपी युवती और उसके बच्चे को बाहर कमाने जाने की बात कहकर मोरवा रेलवे स्टेशन लेकर पहुंचा। आरोप है कि आरोपी दोनों को रेलवे स्टेशन पर छोड़कर वहां से फरार हो गया। इसके बाद पीड़िता ने मोरवा थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
लंबे समय से तलाश में जुटी थी पुलिस
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस लगातार उसके संभावित ठिकानों पर नजर रख रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी घर से कहीं भागने की तैयारी में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया। न्यायालय के आदेश के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया। मामले में पुलिस द्वारा आगे की जांच की जा रही है और घटनाक्रम से जुड़े साक्ष्यों एवं बयानों के आधार पर विवेचना जारी है।

