“नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान का गरिमामय समापन, उत्कृष्ट योगदान देने वाले हुए सम्मानित

सह संपादक बैतूल देवीनाथ लोखंडे

बैतूल। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के मार्गदर्शन में 15 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक जिलेभर में चलाए गए “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान का गुरुवार को जिला मुख्यालय बैतूल में गरिमामय समापन हुआ। समापन समारोह में अभियान की सफलता में योगदान देने वाले पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, विभिन्न विभागों, सामाजिक संस्थाओं एवं स्वयंसेवकों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत अभियान के उद्देश्यों और पिछले 15 दिनों में जिलेभर में आयोजित जनजागरूकता गतिविधियों के प्रस्तुतीकरण से हुई। इस दौरान विद्यालयों, महाविद्यालयों, ग्राम पंचायतों, खेल मैदानों, हाट-बाजारों, शासकीय कार्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर आयोजित कार्यक्रमों तथा सोशल मीडिया के माध्यम से किए गए व्यापक प्रचार-प्रसार की जानकारी दी गई।

पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सहभागिता से ही इसे सफल बनाया जा सकता है। उन्होंने अभियान में सहयोग देने वाले सभी विभागों, सामाजिक संगठनों, खिलाड़ियों, शिक्षकों, स्वयंसेवकों एवं पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस जनजागरूकता अभियान को निरंतर जारी रखने का आह्वान किया।

समारोह में सभी उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अतिथियों ने सामूहिक रूप से नशामुक्ति की शपथ लेकर स्वयं नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर महिला सुरक्षा शाखा प्रभारी डीएसपी दुर्गेश आर्मो, एसडीओपी अन्नपूर्णा सिरसाम, डीएसपी (अजाक) शैफा हाशमी, रक्षित निरीक्षक दिनेश मार्सकोले, सूबेदार नवीन सोनकर, जिला खेल अधिकारी पूजा कुरील, क्रीड़ा अधिकारी तपेश साहू एवं पिनाश दास, ‘माय भारत’ की जिला समन्वयक सुषमा गवली, स्वास्थ्य विभाग की डॉ. रानू वर्मा, प्रदीपन संस्था, सामाजिक न्याय विभाग, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, नुक्कड़ नाटक दल के कलाकार तथा पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

15 दिवसीय अभियान के दौरान बैतूल जिले के सभी थाना क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। बैतूल पुलिस ने समापन समारोह के साथ यह संकल्प दोहराया कि नशामुक्त, स्वस्थ और सुरक्षित समाज के निर्माण के लिए ऐसे जन-जागरूकता अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!