महाकाल की पहली सवारी से पहले पूरा होगा मार्ग चौड़ीकरण, संभागायुक्त ने दी 20 जुलाई की डेडलाइन।
सिंहस्थ-2028 तैयारियों की समीक्षा, लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों पर होगी सख्त कार्रवाई।
उज्जैन / पुलिस दर्पण
सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को गति देते हुए संभागायुक्त एवं सिंहस्थ मेला अधिकारी आशीष सिंह ने मार्ग चौड़ीकरण कार्यों की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हरसिद्धि की पाल से रामघाट तक का मार्ग चौड़ीकरण कार्य बाबा महाकाल की प्रथम सवारी से पूर्व 20 जुलाई तक हर हाल में पूर्ण किया जाए।
संभागायुक्त ने स्पष्ट कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मार्ग चौड़ीकरण एवं अन्य निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, गुणवत्ता में कमी अथवा अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा तय समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान निर्माण एजेंसियों और ठेकेदारों को चेतावनी देते हुए कहा गया कि यदि कार्य निर्धारित गुणवत्ता एवं समय-सीमा के अनुरूप नहीं पाए गए तो संबंधित ठेकेदारों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि सिंहस्थ-2028 को लेकर उज्जैन में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, मार्गों के चौड़ीकरण तथा श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही के लिए विभिन्न विकास कार्य तेज गति से संचालित किए जा रहे हैं। प्रशासन का लक्ष्य आगामी धार्मिक आयोजनों और सिंहस्थ महापर्व के लिए शहर को बेहतर एवं व्यवस्थित स्वरूप प्रदान करना है।

