स्कूल से चोरी गैस टंकियां-बर्तन, महिला का मंगलसूत्र और मोटरसाइकिल बरामद; एक आरोपी साथी फरार
देवीनाथ लोखंडे सह संपादक दक्षिण मध्यप्रदेश बैतूल
बैतूल। भैंसदेही पुलिस ने चोरी और लूट की तीन वारदातों का खुलासा करते हुए निगरानी बदमाश सुभाष राठौर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने स्कूल से चोरी की गई गैस टंकियां और बर्तन, महिला से लूटा गया मंगलसूत्र तथा चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार, बरामद संपत्ति की कीमत लगभग 2.25 लाख रुपये है। वारदातों में शामिल आरोपी का एक अन्य साथी अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपुसे तथा एसडीओपी भैंसदेही लोकेश डावर के मार्गदर्शन में पुलिस ने यह कार्रवाई की।
स्कूल चोरी से लेकर मंगलसूत्र लूट तक के मामले
पुलिस के अनुसार, 1 जुलाई 2026 को ग्राम भैसाघाट स्थित शासकीय एकीकृत माध्यमिक विद्यालय से दो गैस टंकियां, कढ़ाई, गंज, पांच बड़ी थालियां और खाद्यान्न सामग्री चोरी हुई थी। इस मामले में थाना भैंसदेही में अपराध क्रमांक 128/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
वहीं, 18 अक्टूबर को ग्राम सलाईढाना निवासी विमला कवडकर ने शिकायत दर्ज कराई कि एक व्यक्ति ने पानी मांगने के बहाने उनसे संपर्क किया और लोहे की रॉड दिखाकर मंगलसूत्र छीनकर फरार हो गया। इस मामले में अपराध क्रमांक 199/2026 दर्ज किया गया।
इसी दिन महाराष्ट्र के परतवाड़ा निवासी मिलन इंगोले ने पात्रा नदी क्षेत्र से अपनी सीबी साइन मोटरसाइकिल क्रमांक एमएच 27 सीक्यू 2603 चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 200/2026 दर्ज कर जांच शुरू की।
सूचना पर पकड़ा गया निगरानी बदमाश
तीनों मामलों में आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। पुलिस के मुताबिक, 21 अक्टूबर को निगरानी बदमाश सुभाष राठौर के आमला रोड पर घूमने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उसे तीनों प्रकरणों में गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर संबंधित संपत्ति बरामद की है।
मंगलसूत्र, दो मोटरसाइकिलें और स्कूल का सामान बरामद
पुलिस ने लूट के मामले में करीब 40 हजार रुपये कीमत का मंगलसूत्र, लगभग एक लाख रुपये कीमत की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक एमएच 27 सीएस 4031 और वारदात में इस्तेमाल लोहे की रॉड बरामद की है। स्कूल चोरी के मामले में करीब 10 हजार रुपये कीमत की दो गैस टंकियां, कढ़ाई, गंज और पांच बड़ी थालियां मिली हैं। वहीं, मोटरसाइकिल चोरी के मामले में करीब 75 हजार रुपये कीमत की सीबी साइन मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक वहीद खान, सहायक उपनिरीक्षक जगदीश नावरे, राज पहाड़े सहित पुलिसकर्मियों की भूमिका रही। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने नागरिकों से घरों और प्रतिष्ठानों की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। किसी भी आपात स्थिति में डायल 112 पर सूचना देने की सलाह दी गई है।

