झाबुआ में अवैध गांजा खेती पर पुलिस की कार्रवाई, 607 किलो से अधिक गांजा जब्त

दो अलग-अलग मामलों में 1,752 पौधे जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार

जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 60.30 लाख रुपये से अधिक

झाबुआ , 22 अक्टूबर 2026। मध्यप्रदेश में मादक पदार्थों की अवैध खेती और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत झाबुआ पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए कुल 607.09 किलोग्राम गांजे के पौधे जब्त किए हैं। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 60 लाख 30 हजार 825 रुपये बताई गई है। पुलिस ने एक मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा के निर्देशन में प्रदेशभर में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई की जा रही है।

कालीदेवी में 240 गांजे के पौधे जब्त

थाना कालीदेवी पुलिस को क्षेत्र में अवैध गांजा खेती की सूचना मिली थी। इसके आधार पर पुलिस टीम ने संबंधित खेत में दबिश दी। यहां तुअर और कपास की फसल के बीच अवैध रूप से उगाए गए 240 गांजे के पौधे बरामद किए गए। इनका कुल वजन 80.15 किलोग्राम और अनुमानित कीमत 7 लाख 61 हजार 425 रुपये बताई गई है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू की।

पेटलावद में 526.94 किलोग्राम गांजा बरामद

थाना पेटलावद क्षेत्र में पुलिस ने सूचना के आधार पर माही नदी के पास स्थित खेत सहित अन्य स्थानों पर कार्रवाई की। तुअर और कपास की फसल के बीच, मक्का की कड़ब के नीचे तथा आरोपी के घर से कुल 1,512 गांजे के पौधे जब्त किए गए। इनका वजन 526.94 किलोग्राम और अनुमानित कीमत 52 लाख 69 हजार 400 रुपये बताई गई है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया।

नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान जारी

मध्यप्रदेश पुलिस के अनुसार, अवैध मादक पदार्थों की खेती, तस्करी और कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध नेटवर्क पर अंकुश लगाने के साथ समाज में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!