औबेदुल्लागंज में 34 मील के पास पलटा पिकअप वाहन, एफआरव्ही टीम ने घायलों को अस्पताल पहुँचाया
रायसेन, 24 अक्टूबर। मध्यप्रदेश पुलिस की डायल-112 सेवा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रायसेन जिले के औबेदुल्लागंज थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में घायल 12 लोगों को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई। 34 मील के पास एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया था। सूचना मिलते ही डायल-112 की एफआरव्ही टीम मौके पर पहुँची और घायलों को शासकीय अस्पताल औबेदुल्लागंज पहुँचाया।
जानकारी के अनुसार, 23 अक्टूबर को दुर्घटना की सूचना राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112, भोपाल को प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही संबंधित क्षेत्र की एफआरव्ही को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
मौके पर पहुँचे डायल-112 के प्रधान आरक्षक विनय दुबे, प्रधान आरक्षक दुर्गेश तथा पायलट करण और महेन्द्र ने स्थिति का जायजा लिया और राहत कार्य शुरू किया। टीम ने एफआरव्ही एवं चिकित्सा वाहन की सहायता से दुर्घटना में घायल सभी 12 व्यक्तियों को शासकीय अस्पताल औबेदुल्लागंज पहुँचाकर भर्ती कराया, जहाँ उन्हें चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई।
डायल-112 की इस त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई से आपात परिस्थितियों में पुलिस की तत्परता और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता सामने आई है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुँचकर राहत कार्य शुरू करना और घायलों को अस्पताल पहुँचाने की व्यवस्था करना पुलिस की संवेदनशील एवं जनहितैषी कार्यशैली को दर्शाता है।
मध्यप्रदेश पुलिस नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा आपात परिस्थितियों में जरूरतमंदों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

