मोहखेड़ पुलिस ने बिजली के तार और बांस किए जब्त, आरोपियों को न्यायालय में किया पेश
निर्मला पहाडे ब्यूरो प्रमुख छिंदवाड़ा
छिंदवाड़ा। जंगली जानवरों से मक्का की फसल बचाने के लिए खेत में जीआई तार बिछाकर उसमें बिजली का करंट प्रवाहित करना एक ग्रामीण की मौत का कारण बन गया। मामले में मोहखेड़ पुलिस ने जांच के बाद दो आरोपियों अशोक खौसी और घनश्याम कासेकर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल बिजली के तार और एक बांस भी जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम लोहांगी निवासी प्रदीप तिरगाम की 20 सितंबर 2026 को खेत की मेढ़ से गुजरते समय करंट की चपेट में आने से मौत हो गई थी। सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि जंगली जानवरों से मक्का की फसल बचाने के उद्देश्य से अशोक खौसी ने अपने खेत में जीआई तार लगाया था। आरोप है कि घनश्याम कासेकर ने अपने घर के बिजली कनेक्शन से तार जोड़कर उसमें करंट प्रवाहित कर दिया था। इसी तार की चपेट में आने से प्रदीप की मौत हुई।
जांच के आधार पर मोहखेड़ पुलिस ने 20 अक्टूबर को अपराध क्रमांक 526/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 105, 3(5) तथा एससी/एसटी अधिनियम की धारा 3(2)(v) में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस ने घनश्याम कासेकर, उम्र 62 वर्ष, निवासी लोहांगी और अशोक खौसी, उम्र 54 वर्ष, निवासी महालपुर को गिरफ्तार किया। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस टीम की भूमिका: कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील उइके, सहायक उपनिरीक्षक हल्के सिंह बरकड़े, प्रधान आरक्षक बिसराम इनवाती, प्रधान आरक्षक धनश्याम बंदेवार तथा आरक्षक संतोष नर्वेती और गंगाराम कीर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

