रतलाम पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 290 किलो डोडा चूरा से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार

“नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के तहत बड़ावदा थाना पुलिस की कार्रवाई, 14.50 लाख रुपये का मादक पदार्थ बरामद

रतलाम। पुलिस दर्पण

रतलाम । पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार संचालित जनजागरूकता अभियान “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” के अंतर्गत रतलाम पुलिस लगातार अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में बड़ावदा थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए डोडा चूरा से भरी बिना नंबर की ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की है। कार्रवाई के दौरान तस्कर पुलिस को चकमा देकर अंधेरे और झाड़ियों का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस के अनुसार, बड़ावदा थाना पुलिस की टीम रात्रि गश्त पर थी। इसी दौरान एक संदिग्ध बिना नंबर की ट्रैक्टर-ट्रॉली दिखाई दी। पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर भागने लगा। पीछा करने पर आरोपी ग्राम सिंदुरकिया स्थित शासकीय मिडिल स्कूल के समीप खाली मैदान में वाहन छोड़कर अपने एक साथी के साथ अंधेरे का लाभ उठाते हुए फरार हो गया।

वाहन की तलाशी लेने पर ट्रॉली में रखे 13 काले प्लास्टिक के कट्टों से कुल 289.988 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद हुआ। जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब ₹14.50 लाख आंकी गई है। पुलिस ने डोडा चूरा एवं परिवहन में प्रयुक्त बिना नंबर की ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

पुलिस का कहना है कि फरार हुए दोनों आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था।

सराहनीय भूमिका निभाने वाले पुलिसकर्मी:

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी संतोष चौरसिया, उप निरीक्षक चंद्रशेखर डिगा, सहायक उप निरीक्षक शिव यादव, प्रधान आरक्षक जितेंद्र बारिया, शहजाद खान, आरक्षक गोपाल सिंह सोनगरा, बालूसिंह एवं संग्रामसिंह की उल्लेखनीय भूमिका रही।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!