सीसीटीवी फुटेज से हुई आरोपी की पहचान, कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल
देवास। पुलिस दर्पण
देवास। देवास चौपाटी स्थित रामदेव जी मंदिर में चोरी के मामले में कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी द्वारा मंदिर में लगी पीतल की तीन घंटियां चोरी किए जाने का मामला सामने आया था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया। न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार 8-9 सितंबर की मध्यरात्रि में एक अज्ञात व्यक्ति रामदेव जी मंदिर में घुसा और वहां लगी पीतल की तीन घंटियां चोरी कर फरार हो गया। फरियादी की रिपोर्ट पर कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 576/2026 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने घटनास्थल सहित आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। ऑपरेशन ‘त्रिनेत्रम्’ के तहत प्राप्त फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया गया। फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान होने के बाद पुलिस टीम ने उसकी तलाश शुरू की। पुलिस ने आरोपी अनुराग उर्फ भोलू पिता सुभाष राव जाधव (43), निवासी विश्राम बाग, थाना बीएनपी, देवास को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आवश्यक पूछताछ एवं कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर गजेंद्र सिंह वर्धमान के मार्गदर्शन, नगर पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल के निर्देशन तथा कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत चौरसिया के नेतृत्व में की गई।
कार्रवाई में प्रधान आरक्षक महेंद्र जादोन, हेमेन्द्र एवं वीरेंद्र राजपूत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

