चिचोली थाने में एसपी का औचक निरीक्षण, रिकॉर्ड से लेकर सुरक्षा व्यवस्था तक परखी

लंबित मामलों की समीक्षा कर दिए सख्त निर्देश, गणेश विसर्जन को लेकर विशेष सतर्कता बरतने को कहा

देवीनाथ लोखंडे सह संपादक दक्षिण मध्यप्रदेश

बैतूल। पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने सोमवार 14 सितंबर को थाना चिचोली का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाने की रिकॉर्ड एवं अभिलेख व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम और लंबित कार्यों की स्थिति का जायजा लेते हुए पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एसपी ने थाने में रजिस्टरों के संधारण, बंदीकरण व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, जप्त सामग्री एवं वाहनों के रखरखाव तथा उनके नियमानुसार निराकरण की प्रक्रिया की जानकारी ली। इसके साथ ही थाना परिसर, बाउंड्रीवॉल और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया।

थाना प्रभारी निरीक्षक हरिओम पटेल सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को निर्देश देते हुए एसपी ने कहा कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जाए और असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाए। अपराधों की रोकथाम के साथ महिला एवं बालिका संबंधी शिकायतों को प्राथमिकता से लेते हुए संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्रवाई करने पर विशेष जोर दिया गया।

गणेश विसर्जन को लेकर अलर्ट रहने के निर्देश

आगामी गणेश चतुर्थी एवं गणेश विसर्जन को देखते हुए एसपी ने पुलिस को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। जुलूस मार्ग, विसर्जन स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां पहले से रखने को कहा गया।

एसपी ने पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान पूर्ण सजगता, अनुशासन और सूझबूझ के साथ कार्य करने की हिदायत दी। साथ ही थाने में आने वाले पीड़ितों और आवेदकों की शिकायतों को विनम्रतापूर्वक सुनकर नियमानुसार त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!