दो अलग-अलग स्थानों से शराब जब्त, दोनों मामलों में आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज
देवीनाथ लोखंडे सह संपादक दक्षिण मध्यप्रदेश
बैतूल/मुलताई। जिले में अवैध एवं जहरीली शराब के संग्रहण, विक्रय और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मुलताई पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों मामलों में आबकारी अधिनियम की धारा 34(ए) के तहत पृथक-पृथक प्रकरण दर्ज किए हैं।
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश खरपुसे के मार्गदर्शन और एसडीओपी मुलताई एस.के. सिंह के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक विकास पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 10 सितंबर को मुलताई क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर दबिश एवं होटल-लॉज की चेकिंग की।
परमंडल जोड़ पर 12 पाव शराब जब्त
पहली कार्रवाई परमंडल जोड़ के पास की गई। यहां पुलिस ने राजेश पिता रघुनाथ भुमरकर, निवासी भगतसिंह वार्ड मुलताई के कब्जे से 12 पाव देशी मसाला शराब बरामद की। जब्त शराब की कीमत करीब 1,080 रुपए बताई गई है।
पारेगांव रोड पर भी पकड़ा आरोपी
दूसरी कार्रवाई पारगांव रोड हाईवे के पास की गई। पुलिस के अनुसार यहां मिथुन पिता मदनलाल पवार, उम्र 38 वर्ष, निवासी भगतसिंह वार्ड मुलताई के कब्जे से 1 बीयर, 2 पाव अंग्रेजी शराब और 11 पाव देशी शराब बरामद हुई। जब्त शराब की कुल कीमत करीब 1,270 रुपए बताई गई है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(ए) के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
अवैध शराब के खिलाफ अभियान जारी
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विकास पटेल, प्रधान आरक्षक गजराज, आरक्षक प्रिंस, विवेक, अरविंद, सेवाराम एवं गोपाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने जिलेवासियों से अपील की है कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री अथवा परिवहन की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब सहित अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई का अभियान लगातार जारी रहेगा।

