शिवपुरी। पुलिस दर्पण
शिवपुरी। मध्यप्रदेश में बारिश का मौसम शुरू होते ही सर्पदंश की घटनाएं सामने आने लगी हैं। शिवपुरी जिले के सिरसौद थाना क्षेत्र के मेदावली गांव में सर्पदंश की आशंका में 23 वर्षीय नवविवाहिता की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। मृतका अपने पीछे करीब डेढ़ साल की मासूम बेटी छोड़ गई है।
जानकारी के अनुसार मेदावली निवासी 23 वर्षीय रौनक पत्नी सोनू परिहार शनिवार दोपहर करीब 12 बजे घर के आंगन में बने बाथरूम में नहाने गई थी। इसी दौरान वह दीवार पर कपड़े रख रही थी, तभी उसकी उंगली पर किसी विषैले सांप के डंसने की आशंका है। कुछ ही देर में उसकी तबीयत बिगड़ने लगी।
परिजन तत्काल रौनक को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार उसकी उंगली पर सर्पदंश जैसा निशान मिला था, हालांकि घर के किसी भी सदस्य ने सांप को प्रत्यक्ष रूप से नहीं देखा।
बताया गया है कि रौनक की शादी 24 मई 2024 को सोनू परिहार से हुई थी। उसकी करीब डेढ़ साल की मासूम बच्ची भी है। अचानक हुई इस मौत से परिवार में दुख का माहौल है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना के बाद सिरसौद पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया और बाद में शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि होगी। पुलिस के अनुसार घटना के संबंध में यह तथ्य भी सामने आया है कि किसी सदस्य ने सांप को प्रत्यक्ष रूप से नहीं देखा था।
सर्पदंश होने पर क्या करें?
सर्पदंश की स्थिति में घबराने के बजाय पीड़ित को शांत रखें और काटे गए अंग को कम से कम हिलाएं। बिना देरी किए मरीज को नजदीकी अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाएं। घाव को काटने, चूसने या उस पर कोई रसायन अथवा घरेलू पदार्थ लगाने से बचें। काटे गए अंग को रस्सी या कपड़े से बहुत कसकर न बांधें। समय पर चिकित्सकीय उपचार मिलने से जान बचने की संभावना बढ़ जाती है।

