एक माह में 21.21 करोड़ रुपये का माल जब्त, 2,596 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई
नांदेड, 1 अक्टूबर 2026। पुलिस उपमहानिरीक्षक शहाजी उमाप के मार्गदर्शन में नांदेड परिक्षेत्र के चार जिलों में 1 से 30 सितंबर तक अवैध व्यवसाय निर्मूलन मोहिम-3 चलाया गया। अभियान के दौरान गुटखा, मटका-जुआ, अवैध शराब बिक्री, शस्त्र अधिनियम सहित विभिन्न मामलों में कुल 1,607 प्रकरण दर्ज किए गए और 2,596 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान कुल 21 करोड़ 21 लाख 87 हजार 825 रुपये का मुद्देमाल जब्त किया।
गुटखा और जुआ सहित अवैध शराब पर कार्रवाई
अभियान के तहत गुटखा कारोबारियों के खिलाफ 31 मामले, महाराष्ट्र जुआ अधिनियम के तहत 297, महाराष्ट्र शराबबंदी अधिनियम के तहत 978 तथा शस्त्र अधिनियम के तहत 43 मामले दर्ज किए गए। इसके अलावा अन्य अधिनियमों के तहत 258 कार्रवाई की गई।
चार जिलों में हुई कार्रवाई
नांदेड जिले में विभिन्न मामलों में बड़ी संख्या में कार्रवाई की गई। परभणी, हिंगोली और लातूर जिलों में भी पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान चलाया। अभियान में पुलिस उपमहानिरीक्षक कार्यालय के विशेष दल के साथ संबंधित जिलों के पुलिस अधीक्षकों के मार्गदर्शन में स्थानीय पुलिस थानों और अपराध शाखा के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने हिस्सा लिया।
अक्टूबर में चलेगा अभियान-4
पुलिस के अनुसार 1 अक्टूबर से नांदेड परिक्षेत्र में अवैध व्यवसाय निर्मूलन मोहिम-4 शुरू की गई है। पूरे अक्टूबर में गुटखा, मटका-जुआ, शराब, मादक पदार्थ, अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन, वेश्यावृत्ति, आवश्यक वस्तु अधिनियम तथा अवैध यात्री परिवहन के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
‘खबर’ हेल्पलाइन पर दें सूचना
अवैध गतिविधियों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने के लिए डीआईजी कार्यालय ने ‘खबर’ हेल्पलाइन 9150100100 शुरू की है। डीआईजी शहाजी उमाप ने नागरिकों से अपने क्षेत्र में चल रहे अवैध कारोबार की जानकारी पुलिस को देकर अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील की है।

