बहुत हंसा लिया, अब हैवानियत शुरू’— अक्षय कुमार का धमाका, आज रात रिलीज होगा ‘हैवान’ का टीजर

मुंबई | मनोरंजन डेस्क

बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार और सैफ अली खान एक बार फिर बड़े पर्दे पर साथ नजर आने जा रहे हैं। निर्देशक प्रियदर्शन की बहुप्रतीक्षित साइकोलॉजिकल थ्रिलर ‘हैवान’ का टीजर आज रात 8 बजे रिलीज होगा। इसकी जानकारी अक्षय कुमार ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट साझा कर दी, जिसके बाद फिल्म को लेकर दर्शकों का उत्साह चरम पर पहुंच गया है।
अक्षय कुमार ने पोस्ट में लिखा, “बहुत हंसा लिया, अब कल से हैवानियत शुरू।” वहीं कैप्शन में उन्होंने लिखा, “कल रात 8 बजे… और इस बार मजाक नहीं होगा।” पोस्ट सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। कई प्रशंसकों ने लिखा कि वे पहली बार अक्षय कुमार को इतने खतरनाक विलेन के किरदार में देखने के लिए बेहद उत्साहित हैं।
सस्पेंस और थ्रिल से भरपूर होगी कहानी
‘हैवान’ मलयालम सुपरहिट फिल्म ‘ओप्पम’ का हिंदी रीमेक है। कहानी एक रिटायर्ड जज के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसने एक आरोपी को सजा सुनाई थी। जेल से रिहा होने के बाद वह आरोपी बदला लेने की ठान लेता है। जज की हत्या के बाद शक एक अंधे लिफ्टमैन पर जाता है, जो न केवल जज की बेटी की रक्षा करता है बल्कि पूरे मामले की गुत्थी भी सुलझाने में अहम भूमिका निभाता है।
फिल्म में सैफ अली खान अंधे लिफ्टमैन की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि अक्षय कुमार एक खतरनाक विलेन के किरदार में नजर आएंगे।
प्रियदर्शन और अक्षय की सुपरहिट जोड़ी फिर साथ
फिल्म का निर्देशन प्रियदर्शन ने किया है, जिन्होंने मूल मलयालम फिल्म ‘ओप्पम’ का भी निर्देशन किया था। ओरिजिनल फिल्म के अभिनेता मोहनलाल इस हिंदी रीमेक में भी विशेष भूमिका में दिखाई देंगे।
प्रियदर्शन और अक्षय कुमार की जोड़ी इससे पहले हेरा फेरी, गरम मसाला, भागम भाग, दे दना दन, भूल भुलैया और भूत बंगला जैसी कई चर्चित फिल्मों में साथ काम कर चुकी है।
‘हैवान’ 11 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी, जबकि इसका बहुप्रतीक्षित टीजर आज रात 8 बजे दर्शकों के सामने आएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!