ईको कार से 100 ग्राम MD ड्रग्स बरामद, करीब 15 लाख रुपए का मशरूका जब्त
रतलाम। पुलिस दर्पण। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं परिवहन के खिलाफ रतलाम पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में रिंगनोद थाना पुलिस की ढोढर चौकी टीम ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को कथित रूप से 100 ग्राम अवैध MD ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ड्रग्स के परिवहन में प्रयुक्त ईको कार भी जब्त की है। जब्त मशरूके की कुल अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपए बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी एवं परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री विवेक कुमार लाल एवं एसडीओपी जावरा श्री संदीप मालवीय के मार्गदर्शन तथा रिंगनोद थाना प्रभारी निरीक्षक श्री आनन्द सिंह आजाद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार 3 सितंबर 2026 को ढोढर चौकी टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ व्यक्ति ईको कार क्रमांक MP09AX7430 में अवैध MD ड्रग्स लेकर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने महू-नीमच फोरलेन रोड स्थित सर्किट हाउस के सामने ढोढर में घेराबंदी की। संदिग्ध ईको कार को रोककर नियमानुसार तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान वाहन से 100 ग्राम अवैध MD ड्रग्स बरामद होने का दावा पुलिस ने किया है। इसके साथ ही घटना में प्रयुक्त ईको कार को भी जब्त कर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
इंदौर, खरगोन और बड़वानी के निवासी बताए गए आरोपी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फारूख (33) पिता शबदर खां मेवाती, निवासी बामन्दा, थाना बलकवाड़ा, जिला खरगोन; अरबाज (26) पिता कलीम खान पठान, निवासी अग्रवाल कॉलोनी, राऊ, जिला इंदौर; साहिल (25) पिता फारूख शेख, निवासी विजय पैलेस कॉलोनी, चोइथराम मंडी, इंदौर; इमरान (24) पिता शकील मंसुरी, निवासी हॉस्पिटल चौक, अंजड़, जिला बड़वानी तथा शाहरूख (32) पिता शौकत रशीद मंसुरी, निवासी फुटला तालाब, अंजड़, जिला बड़वानी के रूप में बताई गई है।
पुलिस के अनुसार जब्त 100 ग्राम MD ड्रग्स की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपए तथा ईको कार की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपए है। इस प्रकार कुल जब्त मशरूका करीब 15 लाख रुपए का बताया गया है। आरोपियों के विरुद्ध NDPS एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस द्वारा आरोपियों से MD ड्रग्स के स्रोत, सप्लायर, संभावित खरीदार और पूरे सप्लाई नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है। तकनीकी साक्ष्यों एवं पूछताछ के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान का प्रयास भी किया जा रहा है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
कार्रवाई में निरीक्षक आनन्द सिंह आजाद, उपनिरीक्षक रघुवीर जोशी, उपनिरीक्षक राजेश मालवीय, सहायक उपनिरीक्षक अशोक चौहान, सुधीर सिंह राठौर, हर्षसिंह, राधेश्याम, नरेन्द्र सिंह जगावत, शोभाराम शर्मा, रविन्द्र सिंह एवं अनिल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

