सागर में ‘युवा संगम’ का आयोजन,154 युवाओं को मिला रोजगार, 227.54 लाख रुपये के ऋण का हुआ वितरण

संवाददाता –सोनू कुशवाहा सागर

सागर । जिले में युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत 27 जुलाई को शासकीय कला एवं वाणिज्य अग्रणी महाविद्यालय, सागर में ‘युवा संगम’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य जिले के युवाओं को रोजगार, अप्रेंटिसशिप और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना रहा। इस दौरान आयोजित रोजगार मेला एवं अप्रेंटिसशिप मेला में निजी क्षेत्र की विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों ने उपस्थित युवाओं के साक्षात्कार लिए और उनकी योग्यता के आधार पर विभिन्न पदों के लिए चयन प्रक्रिया पूरी की।

युवा संगम में कुल 297 युवाओं का पंजीयन किया गया। इनमें से 154 युवाओं का विभिन्न निजी कंपनियों में प्लेसमेंट किया गया, जबकि 10 युवाओं को अप्रेंटिसशिप से जोड़ा गया। इसके अलावा 38 युवाओं को स्वरोजगार योजनाओं से लाभान्वित किया गया।

कार्यक्रम में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग द्वारा संचालित विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी युवाओं को दी गई। साथ ही पात्र हितग्राहियों को 227.54 लाख रुपये के ऋण का वितरण किया गया, जिससे वे अपना स्वयं का रोजगार शुरू कर सकें और आत्मनिर्भर बन सकें।

जिला प्रशासन का कहना है कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना, उद्योगों की आवश्यकता के अनुरूप कुशल मानव संसाधन तैयार करना तथा स्वरोजगार को बढ़ावा देकर स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को मजबूत करना है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं निजी कंपनियों के प्रतिनिधि एवं जिला रोजगार कार्यालय अधिकारी प्रमेन्द्र शर्मा एवं अन्य आदि मौजूद रहे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!