जनसुनवाई में एडीएम ने मौके पर कराया कई मामलों का निराकरण

जनसुनवाई में 151 आवेदनों पर सुनवाई: एडीएम ने मौके पर कराया कई मामलों का निराकरण, शेष पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश

रतलाम / पुलिस दर्पण

आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में साप्ताहिक जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जनसुनवाई में अपर कलेक्टर श्री बृजेंद्र कुमार रावत ने जिलेभर से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान कुल 151 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से निराकरण योग्य मामलों का मौके पर ही संबंधित विभागीय अधिकारियों के माध्यम से समाधान कराया गया, जबकि शेष आवेदनों के शीघ्र एवं समय-सीमा में निराकरण के लिए संबंधित विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया गया।
जनसुनवाई में ग्राम देलवासा, तहसील ताल की नैना ने अपने जाति प्रमाण-पत्र में नाम संशोधन के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। इस मामले में आवश्यक कार्रवाई हेतु एसडीएम आलोट को निर्देश दिए गए।
ग्राम कोटड़ा निवासी कमजी ने बताया कि उनकी पत्नी का 27 नवंबर 2025 को निधन हो गया था। उन्होंने संबल योजना के अंतर्गत सहायता राशि प्राप्त करने के लिए ऑनलाइन आवेदन तथा जनपद पंचायत सैलाना में भी आवेदन प्रस्तुत किया था, लेकिन अब तक राशि प्राप्त नहीं हुई। इस पर मामले के शीघ्र निराकरण के लिए सीईओ जनपद पंचायत सैलाना को निर्देशित किया गया।
ग्राम धामनोद निवासी अनिल ने शिकायत की कि उनकी कृषि भूमि पर लगा विद्युत पोल अत्यधिक झुक गया है, जिससे ट्रैक्टर एवं अन्य कृषि यंत्रों की आवाजाही में परेशानी हो रही है। इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई के लिए अधीक्षण यंत्री, मध्यप्रदेश विद्युत मंडल को निर्देश दिए गए।
इसी प्रकार शिवगढ़ निवासी प्रभु ने शासकीय भूमि का पट्टा प्रदान किए जाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। मामले की जांच एवं नियमानुसार कार्रवाई के लिए तहसीलदार सैलाना को निर्देशित किया गया।
जनसुनवाई के दौरान प्रशासन ने स्पष्ट किया कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध एवं पारदर्शी निराकरण जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि लंबित प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!