बैतूल पुलिस में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल

टीआई निलंबित, नए थाना प्रभारी की पदस्थापना, 21 आरक्षकों को मिला कार्यवाहक प्रधान आरक्षक का प्रभार
हाईकोर्ट के आदेश की अवहेलना और समन तामील में लापरवाही पर कार्रवाई, एसपी ने जारी किए कई अहम आदेश।

बैतूल संवाददाता देवीनाथ लोखंडे

बैतूल। जिला पुलिस अधीक्षक बैतूल ने गुरुवार को एक साथ कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक आदेश जारी करते हुए पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल किया है। माननीय उच्च न्यायालय के आदेश की अवहेलना एवं न्यायालयीन समन की तामील में गंभीर लापरवाही पाए जाने पर थाना बैतूल बाजार की थाना प्रभारी निरीक्षक अंजना धुर्वे तथा आरक्षक क्रमांक 675 लीलाधर डोंगरे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर रक्षित केंद्र संबद्ध किया गया है।

आदेश के अनुसार, हाईकोर्ट में लंबित एक प्रकरण की जांच में यह पाया गया कि न्यायालय से जारी समन का विधिवत तामील नहीं कराया गया। समन प्राप्त होने के बावजूद न तो उसकी विधिवत तामील की गई और न ही संबंधित गवाहों एवं उनके परिजनों को सूचना दी गई। साथ ही समन तामील संबंधी आवश्यक रिकॉर्ड और रोजनामचा प्रविष्टियां भी नहीं मिलीं। इसे न्यायालयीन आदेश की अवहेलना एवं गंभीर लापरवाही मानते हुए यह कार्रवाई की गई है।

इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ने निरीक्षक विजय सिंह ठाकुर को थाना प्रभारी आजाक से स्थानांतरित कर बैतूल बाजार थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी है।

इसके अलावा एक अन्य आदेश में वर्ष 2026 की उपयुक्तता सूची के आधार पर जिले के 21 आरक्षकों को उनके वर्तमान पदस्थापना स्थल पर ही कार्यवाहक प्रधान आरक्षक का प्रभार सौंपा गया है। यह व्यवस्था आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगी तथा इसके लिए विस्तृत शर्तें भी निर्धारित की गई हैं।

पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी इन आदेशों को पुलिस विभाग में जवाबदेही, अनुशासन और प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!