सोशल मीडिया, जनसंवाद एवं स्थानीय सहभागिता के माध्यम से आमजन को किया साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक
साइबर हेल्पलाइन 1930, साइबर दोस्त अभियान एवं सुरक्षित डिजिटल व्यवहार का दिया संदेश
रतलाम | पुलिस दर्पण
पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार संचालित प्रदेशव्यापी “सेफ क्लिक अभियान 2.0” के अंतर्गत जिला रतलाम में पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार (भा.पु.से.) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्री विवेक कुमार लाल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री राकेश पंद्रो के मार्गदर्शन में साइबर जागरूकता अभियान निरंतर प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है।
अभियान के आठवें दिवस (01 जुलाई 2026) पर “सोशल मीडिया एवं इंफ्लुएंसर जागरूकता दिवस” के रूप में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस दौरान स्थानीय सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, वीडियो संदेश, पॉडकास्ट, साइबर हैशटैग अभियान एवं साइबर दोस्त की जागरूकता सामग्री के माध्यम से नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
जिलेभर में आयोजित प्रमुख कार्यक्रम–
▪️पिपलौदा में साइबर जागरूकता एवं CPR प्रशिक्षण कार्यक्रम
थाना पिपलौदा द्वारा आयोजित विशेष कार्यक्रम में मोटिवेशनल स्पीकर श्री गणेश मालवीय (शिक्षक) ने नागरिकों को साइबर अपराधों के बदलते स्वरूप से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में अधिकांश ठगी मोबाइल एवं इंटरनेट के माध्यम से की जा रही है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें, OTP, PIN, पासवर्ड एवं बैंक संबंधी जानकारी किसी से साझा न करें तथा डिजिटल अरेस्ट, निवेश ठगी, फर्जी KYC, ऑनलाइन शॉपिंग फ्रॉड एवं UPI धोखाधड़ी से सतर्क रहें। साथ ही किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी। कार्यक्रम में CPR प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया।
▪️एसडीओपी आलोट ने दिलाई साइबर सुरक्षा की शपथ–
एसडीओपी आलोट श्रीमती पल्लवी गौर द्वारा थाना बरखेड़ा परिसर में आयोजित कार्यक्रम में आमजन को साइबर धोखाधड़ी से बचाव के उपाय बताए गए तथा सभी उपस्थित नागरिकों को साइबर सुरक्षा की शपथ दिलाई गई।
▪️जावरा शहर में साइबर एवं सड़क सुरक्षा पर जागरूकता
थाना जावरा शहर में उपनिरीक्षक शशिकला चौहान एवं उपनिरीक्षक कमाल सिंह बामनिया द्वारा नागरिकों को साइबर अपराध, साइबर सुरक्षा एवं हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी दी गई। साथ ही सड़क सुरक्षा अभियान के अंतर्गत यातायात नियमों के पालन एवं सुरक्षित वाहन संचालन के संबंध में भी जागरूक किया गया।
अन्य थाना क्षेत्रों में भी चले जागरूकता कार्यक्रम
अभियान के अंतर्गत—
👉थाना दीनदयाल नगर क्षेत्र में नवयुवकों एवं नागरिकों के साथ बैठक आयोजित कर साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी गई।
👉थाना बिलपांक अंतर्गत बिरमावल बस स्टैंड पर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक दिनेश राठौर द्वारा आमजन को सेफ क्लिक अभियान की जानकारी दी गई।
👉थाना बाजना क्षेत्र में उपनिरीक्षक रामसिंह खपेड़ द्वारा नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
👉थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा अंतर्गत ग्राम डोडियाना में ग्रामीणों को साइबर अपराधों से बचाव एवं सुरक्षित डिजिटल व्यवहार की जानकारी प्रदान की गई।
इन सभी कार्यक्रमों में नागरिकों को फर्जी लिंक, सोशल मीडिया फ्रॉड, निवेश संबंधी धोखाधड़ी, OTP साझा करने के खतरे, डिजिटल अरेस्ट, साइबर हेल्पलाइन 1930, NCRP पोर्टल तथा साइबर दोस्त अभियान के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
रतलाम पुलिस की अपील–
रतलाम पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया का उपयोग सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ करें। किसी भी संदिग्ध लिंक, कॉल, मैसेज अथवा ऑनलाइन ऑफर के झांसे में न आएं। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर शिकायत दर्ज कराएं।
रतलाम पुलिस का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को साइबर सुरक्षित बनाना है, ताकि जागरूक समाज के माध्यम से साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

