रतलाम / पुलिस दर्पण
रतलाम । जिले के सरवन थाना क्षेत्र से एक दुखद मामला सामने आया है। ग्राम पाटडी निवासी एक 25 वर्षीय विवाहित युवक ने घर के पास स्थित नीम के पेड़ पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही सरवन थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बसंतीलाल पिता वेलजी मईडा (उम्र 25 वर्ष) निवासी ग्राम पाटडी ने बुधवार शाम अपने घर के समीप नीम के पेड़ पर फांसी लगा ली। परिजनों और स्थानीय लोगों को घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि परिजनों के बयान लिए जा रहे हैं तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
प्रारंभिक तौर पर पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। सरवन थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत विवेचना शुरू कर दी है। जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के वास्तविक कारणों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

