•) ब्रह्मलीन श्री लक्ष्मणसिंह जी गौड़ की 68वीं जयंती पर महाअभियान का आगाज़
•) मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित कई वरिष्ठ राजनेताओं और जनप्रतिधियों ने बढ़ाई गरिमा
•) पहले ही दिन 8 हजार विद्यार्थियों को मिलीं 40 हजार कॉपियां
•) 60 हजार विद्यार्थियों को बांटी जाएंगी 3 लाख उत्तर पुस्तिकाएँ
इंदौर । शिक्षा प्रोत्साहन, सांस्कृतिक संरक्षण और सामाजिक समरसता के माध्यम से राष्ट्रनिर्माण के पावन संकल्पों को समर्पित “हिन्द-रक्षक पुण्योदय प्रकल्प” के 22वें वर्ष का भव्य शुभारंभ हुआ। यह गरिमामयी आयोजन ब्रह्मलीन श्री लक्ष्मणसिंह जी गौड़ की 68वीं जयंती के पावन अवसर पर संपन्न हुआ। ‘प्रियजनों की पुण्यस्मृति में विद्यादान’ की भावना से ओतप्रोत इस पुनीत प्रकल्प के अंतर्गत इस वर्ष एक माह (11 जुलाई से 11 अगस्त) तक लगातार चलने वाले महाअभियान में 60 हजार विद्यार्थियों को महापुरुषों के सचित्र जीवन-परिचय से युक्त 3 लाख उत्तर पुस्तिकाएँ (कॉपियां) वितरित करने का विशाल लक्ष्य रखा गया है। अभियान के पहले ही दिन उत्साहजनक शुरुआत करते हुए 8 हजार विद्यार्थियों को 40 हजार उत्तर पुस्तिकाओं का वितरण किया गया।
इन अतिथियों की उपस्थिति में हुआ प्रेरणादायी शुभारंभ
इस महाअभियान का शुभारंभ लोकप्रिय विधायक एवं पूर्व महापौर श्रीमती मालिनी लक्ष्मणसिंह गौड़ एवं हिन्द रक्षक संगठन के राष्ट्रीय संयोजक श्री एकलव्य सिंह गौड़ की उपस्थिति में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मध्य प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव उपस्थित रहे। उनके साथ कैबिनेट मंत्री श्री तुलसी सिलावट, सांसद श्री शंकर लालवानी, विधायक श्री गोलू शुक्ला, श्री महेन्द्र हार्डिया, सुश्री उषा ठाकुर, भाजपा प्रदेश महामंत्री श्री गौरव रणदिवे, भाजपा इंदौर नगराध्यक्ष श्री सुमित मिश्रा, पूर्व विधायक एवं भाजपा इंदौर पूर्व जिलाध्यक्ष श्री गोपीकृष्ण नेमा, श्री आलोक डावर, मध्य प्रदेश सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष श्री प्रताप करोसिया, मध्य प्रदेश अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष श्री सावन सोनकर एवं श्री अन्वेष उमेश शर्मा ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
शिक्षा, संस्कार और राष्ट्रसेवा का अनूठा संगम
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों, नागरिकों और बड़ी संख्या में आए विद्यार्थियों ने शिक्षा और राष्ट्रसेवा के इस अभिनव अभियान को अपनी शुभकामनाएँ और भरपूर समर्थन दिया।

