अंजन शलाका प्रतिष्ठा महोत्सव का भव्य आयोजन, होगी विभिन्न चढ़ावों की बोली

थांदला (जिला झाबुआ) | पुलिस दर्पण

झाबुआ । जिले के थांदला नगर स्थित प्रसिद्ध श्री केसरियानाथ मंदिर (श्री आदिनाथ ऋषभ नरसिंह भगवान एवं दादा गुरुदेव श्रीमद विजय राजेंद्रसूरीश्वरजी महाराज मंदिर) के जीर्णोद्धार के उपरांत प्रस्तावित भव्य अंजन शलाका प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं।

रविवार को पूज्य बन्धु बेलड़ी सरकार मुनिराज श्री पियूषचन्द्रविजयजी महाराज एवं मुनिराज श्री रजतचन्द्रविजयजी महाराज के पावन सानिध्य में विभिन्न धार्मिक चढ़ावों की बोली का आयोजन किया जाएगा।
संघ अध्यक्ष कमलेश जैन, प्रतिष्ठा महोत्सव समिति अध्यक्ष मयूर तलेरा, सचिव संजय फुलफगर एवं अर्पित लुणावत ने बताया कि मोहनखेड़ा तीर्थ प्रणेता पूज्य श्री ऋषभचन्द्र सूरीश्वरजी महाराज के दिव्य संकल्प को उनके शिष्यों के मार्गदर्शन में साकार किया जा रहा है। संगमरमर से निर्मित नवीन जिनालय में आगामी वर्ष भव्य प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव आयोजित होगा। इसी के तहत अंजन शलाका महोत्सव में विभिन्न धार्मिक आयोजनों के चढ़ावों की बोली आयोजित की जा रही है।
आयोजकों के अनुसार, महोत्सव के दौरान मूलनायक भगवान सहित गुरु परिवार की विधिवत प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न होगी। विभिन्न चढ़ावों के लाभार्थियों के नाम महोत्सव स्मारिका में प्रकाशित किए जाएंगे। श्रीसंघ ने देशभर के जैन समाज से आयोजन में सहभागी बनकर धर्मलाभ अर्जित करने का आह्वान किया है।
कार्यक्रम की रूपरेखा
संघ उपाध्यक्ष उमेश आर. पीचा एवं ललित मोदी ने बताया कि प्रातः नवकारसी का आयोजन विनय कुमार, नितेश एवं अभिलेश छिपानी परिवार द्वारा किया जाएगा। इसके बाद सुशीला बेन, प्रफुल्ल-रानी एवं यशवंत पोरवाल परिवार के निवास से भव्य वरघोड़ा निकलेगा, जो जिनालय से होकर मेट्रो परिसर पहुंचेगा।
प्रातः 9 बजे जाजम स्थापना के साथ विभिन्न धार्मिक चढ़ावों की बोली प्रारंभ होगी। आयोजन में आने वाले सकल जैन संघों के स्वागत, आतिथ्य एवं स्वामी वात्सल्य का लाभ आनंद कुमार मूलचंद लुणावत परिवार तथा अनोखीलाल, मनोहरलाल एवं रविन्द्र कुमार मोदी परिवार द्वारा लिया जाएगा।
अंजन शलाका प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर थांदला सहित पूरे झाबुआ जिले के जैन समाज में उत्साह का माहौल है। श्रीसंघ ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धार्मिक आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!