उमरानाला चौकी पुलिस की त्वरित कार्रवाई, पूछताछ में आरोपी ने उगले कई चोरी के राज; अलग-अलग थाना क्षेत्रों के मामलों का खुलासा।
छिंदवाड़ा | निर्मला पहाड़े की रिपोर्ट
छिंदवाड़ा । मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले की उमरानाला चौकी पुलिस ने चोरी के मामलों का खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 03 चोरी की मोटरसाइकिलें और 01 डेल कंपनी का लैपटॉप बरामद किया है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब ₹2 लाख आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई 2026 को थाना मोहखेड़ अंतर्गत ग्राम लिंगा निवासी यश कराडे की शिकायत पर अपराध क्रमांक 343/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामेश्वर प्रसाद चौबे एवं थाना प्रभारी निरीक्षक विजयराव माहोरे के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई।
जांच के दौरान चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक राजेश साहू एवं उनकी टीम ने मुखबिर की सूचना पर गन्ना उर्फ गणेश प्रसाद कुमरे (28 वर्ष), निवासी बीसापुर कलां को हिरासत में लेकर पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने चोरी की वारदातें कबूल कर लीं।
आरोपी के कब्जे से तीन चोरी की मोटरसाइकिलें, एक डेल कंपनी का लैपटॉप, चार्जिंग केबल, आईडी कार्ड एवं एक वाहन की आरसी बरामद की गई। जांच में सामने आया कि बरामद लैपटॉप थाना सौंसर में दर्ज चोरी के मामले से संबंधित है, जबकि बरामद मोटरसाइकिलें उमरानाला, बीसापुर और कुण्डीपुरा थाना क्षेत्र में दर्ज चोरी के मामलों से जुड़ी हैं।
पुलिस ने करीब ₹2 लाख की चोरी गई संपत्ति बरामद कर विधिवत जब्त कर ली है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की गई।
बरामद सामग्री
हीरो HF डीलक्स मोटरसाइकिल (MP28NB5460)
हीरो मोटरसाइकिल (MH31DW8332)
बजाज मोटरसाइकिल (MH31BZ1687)
डेल कंपनी का लैपटॉप, चार्जिंग केबल, आईडी कार्ड एवं वाहन की आरसी
सराहनीय पुलिस टीम
इस सफल कार्रवाई में उपनिरीक्षक राजेश साहू, सहायक उपनिरीक्षक भगवत प्रसाद तिवारी, सहायक उपनिरीक्षक संतोष बघेल, प्रधान आरक्षक श्याम ठाकरे एवं आरक्षक संजय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
छिंदवाड़ा पुलिस का यह अभियान एक बार फिर साबित करता है कि अपराधियों के लिए जिले में कोई सुरक्षित ठिकाना नहीं है। चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।

