यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों पर पुलिस का शिकंजा, वाहन चालकों को सुरक्षा नियमों का पालन करने की दी गई सख्त हिदायत।
रतलाम | पुलिस दर्पण न्यूज़
रतलाम। सड़क हादसों में कमी लाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बड़ौदा फंटा स्थित पुलिस चौकी पर शुक्रवार को विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व एएसआई हीरालाल चंदन ने किया, जिसमें दोपहिया वाहन चालकों की सघन जांच की गई।
चेकिंग के दौरान बड़ी संख्या में ऐसे वाहन चालक पकड़े गए जो बिना हेलमेट, बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस अथवा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करते हुए वाहन चला रहे थे। ऐसे सभी वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस ने नियमों के अनुसार ₹300 से लेकर ₹3000 तक के चालान बनाए जाते हैं
एएसआई हीरालाल चंदन ने बताया कि सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस लगातार अभियान चला रही है। यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी बाध्यता ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा के लिए भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बिना हेलमेट वाहन चलाना दुर्घटना की स्थिति में जानलेवा साबित हो सकता है, इसलिए सभी वाहन चालक नियमों का पालन करें और सुरक्षित यात्रा करें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की कि वाहन चलाते समय हेलमेट अवश्य पहनें, वैध ड्राइविंग लाइसेंस साथ रखें तथा सभी यातायात नियमों का पालन करें। इस विशेष चेकिंग अभियान में प्रधान आरक्षक मनीष यादव, प्रधान आरक्षक नवीन पटेल, आरक्षक ललित वर्मा, चालक पुलिसकर्मी संजय खेची सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे और अभियान को सफल बनाया।

