मुख्यमंत्री के 23 जुलाई के दौरे की तैयारियां तेज, कलेक्टर-एसपी ने किया व्यापक निरीक्षण

अलीराजपुर। पुलिस दर्पण
अलीराजपुर । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 23 जुलाई को प्रस्तावित बलराम कृषि महोत्सव एवं अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की जन्मजयंती कार्यक्रम को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। सोमवार को कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर और पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह भदौरिया ने अधिकारियों के साथ चंद्रशेखर आजाद नगर (भाबरा) पहुंचकर कार्यक्रम स्थल की तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कृषि उपज मंडी परिसर में बनाए जा रहे मंच, सभा स्थल, ग्रीन रूम, प्रदर्शनी क्षेत्र, पार्किंग और अन्य व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को सभा स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, बैरिकेडिंग और अन्य मूलभूत सुविधाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद प्रशासनिक दल ने प्रस्तावित हेलीपैड और वीआईपी पार्किंग स्थल का निरीक्षण कर लोक निर्माण विभाग को निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करने तथा सुरक्षा के मद्देनजर आवश्यक बैरिकेडिंग कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर एवं एसपी ने सभा स्थल से अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की जन्मस्थली (आजाद कुटिया) तक के मार्ग का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवागमन, सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, अपर कलेक्टर सोहन कनास, एसडीएम दीपिका पाटीदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। 23 जुलाई को मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं, ताकि कार्यक्रम सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!