इंस्टाग्राम पर लिखा ‘गुड बाय दोस्तों’… कुछ घंटों बाद रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का शव

पोस्ट ने खड़े किए कई सवाल

बैतूल के कोसमी रेलवे फाटक के पास 22 वर्षीय युवक की ट्रेन से कटकर मौत, सोशल मीडिया पोस्ट और घटनाक्रम की हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस।

बैतूल। पुलिस दर्पण

बैतूल । मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक घटना ने सभी को झकझोर दिया। कोसमी रेलवे फाटक के पास रेलवे ट्रैक पर 22 वर्षीय अनंत बोरखड़े का क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा।
घटना के बाद सामने आए इंस्टाग्राम स्टेटस ने मामले को और गंभीर बना दिया है। पुलिस के अनुसार, मौत से पहले अनंत ने सोशल मीडिया पर ऐसे संदेश साझा किए थे, जिनमें उसने लिखा था—”ओके गुड बाय दोस्तों” और “अगले जन्म मिलेंगे।” इन पोस्टों के आधार पर पुलिस आत्महत्या सहित सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा गया है। परिजनों ने बताया कि अनंत टिकारी क्षेत्र का निवासी था। वह जीएच कॉलेज में पढ़ाई करने के साथ टाइल्स लगाने और मैकेनिक का काम भी करता था। परिवार में पिता निजी कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड हैं और बड़ा भाई बार्बर का कार्य करता है। परिजनों के अनुसार, उसे शराब पीने की आदत थी, लेकिन किसी मानसिक या आर्थिक परेशानी की जानकारी नहीं थी।
समाजसेवी एवं हिंदू सेना के प्रदेश अध्यक्ष दीपक मालवीय ने बताया कि अनंत पहले भी कई बार आत्महत्या से जुड़े स्टेटस सोशल मीडिया पर डाल चुका था, हालांकि हर बार वह सुरक्षित घर लौट आता था। बताया गया कि घटना वाली रात भी वह शराब के नशे में घर आया था और कुछ देर बाद घर से निकल गया। सुबह उसकी बाइक रेलवे फाटक के पास मिली, जबकि शव कुछ दूरी पर ट्रैक पर पड़ा मिला। पोस्टमॉर्टम के बाद शव की स्थिति अत्यंत खराब होने के कारण परिजनों को अवशेष पोटली में बांधकर घर ले जाने पड़े। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, डिजिटल साक्ष्यों और अन्य जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यदि आप या आपका कोई परिचित निराशा, आत्महत्या के विचार या गंभीर मानसिक तनाव से जूझ रहा है, तो तुरंत परिवार, मित्र या किसी मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से संपर्क करें। समय पर मदद मिलना जीवन बचा सकता है।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!