बंद मकान में युवक का शव फंदे पर मिला, चार माह पहले हुई थी शादी

रतलाम | पुलिस दर्पण

रतलाम । शहर के औद्योगिक क्षेत्र थाना अंतर्गत काटजू नगर (नगर सुधार न्यास) स्थित एक बंद मकान में बुधवार दोपहर लगभग 2:30 बजे 35 वर्षीय युवक का शव फंदे पर लटका मिला। मकान से दुर्गंध आने पर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खोलकर शव को नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए शासकीय मेडिकल कॉलेज भेज दिया। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान सुरेश उर्फ लखन पिता दर्शन कुमार चौहान (35) निवासी काटजू नगर के रूप में हुई है। औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी गायत्री सोनी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। प्रारंभिक जांच में युवक का शव कमरे में साड़ी से बने फंदे पर लटका मिला।
स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक कबाड़ का व्यवसाय करता था और माता-पिता के निधन के बाद अकेले रह रहा था। उसकी शादी लगभग चार माह पूर्व 30 अप्रैल को नागदा निवासी महिला से हुई थी। बताया जा रहा है कि विवाह के कुछ दिनों बाद पत्नी अपनी बेटी के साथ मायके चली गई थी और उसके बाद वापस नहीं लौटी।
पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर पारिवारिक तनाव की आशंका जताई जा रही है, लेकिन आत्महत्या के कारणों की पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारण एवं परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!