निर्मला पहाडे ब्यूरो प्रमुख छिंदवाड़ा
छिंदवाड़ा। कुंडीपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम बनगांव में 19 वर्षीय युवक राजा कहार की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए उसकी मां और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, युवक की हत्या रस्सी से गला दबाकर की गई थी।
पुलिस के मुताबिक 22 अगस्त 2026 को ग्राम बनगांव में राजा पिता बाबूलाल कहार का शव उसके घर पर संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण फंदा/रस्सी से गला दबने के कारण दम घुटना (Ligature Strangulation) सामने आया।
जांच के दौरान पुलिस को मृतक के गले पर रस्सी से गला दबाने के निशान मिले। परिजनों एवं साक्षियों से पूछताछ में हत्या को लेकर संदेह और गहरा गया।
बताया गया कि मृतक राजा की मां राजकुमारी कहार अपने कथित प्रेमी रोहिणी नंदा के साथ घर में रहती थी। राजा को दोनों का साथ रहना पसंद नहीं था। इसी बात को लेकर मां, उसके प्रेमी और राजा के बीच पहले भी विवाद होते रहते थे।
पुलिस जांच के अनुसार 16 अगस्त की शाम राजा शराब के नशे में घर आया था। इसी दौरान उसका अपनी मां और रोहिणी नंदा से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर तीनों के बीच झगड़ा हुआ। पुलिस का आरोप है कि इसके बाद राजकुमारी कहार और रोहिणी नंदा ने मिलकर राजा का गला रस्सी से दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपियों ने कथित तौर पर मामले को सामान्य मौत दिखाने का प्रयास किया। मृतक का शव मिलने के बाद पुलिस ने संदेह के आधार पर जांच आगे बढ़ाई और पूछताछ में दोनों आरोपियों से महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई।
पुलिस अधीक्षक छिंदवाड़ा अजय पाण्डेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे एवं नगर पुलिस अधीक्षक अजय राणा के मार्गदर्शन में कुंडीपुरा थाना प्रभारी निरीक्षक महेंद्र भगत के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने साक्ष्यों और परिजनों से पूछताछ के आधार पर राजकुमारी कहार एवं रोहिणी नंदा को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपराध करना स्वीकार किया। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
- राजकुमारी कहार, पति बाबूलाल कहार, उम्र 55 वर्ष, निवासी ग्राम बनगांव चौकी धर्मटेकड़ी, थाना कुंडीपुरा, जिला छिंदवाड़ा।
- रोहिणी नंदा, पिता कतक लाल नंदा, उम्र 30 वर्ष, निवासी नैनपुर वार्ड नंबर 1, थाना नैनपुर, जिला मंडला, वर्तमान निवासी बनगांव चौकी धर्मटेकड़ी, थाना कुंडीपुरा, जिला छिंदवाड़ा।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त रस्सी भी बरामद की है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक महेंद्र भगत, उपनिरीक्षक दिनेश बघेल, चौकी प्रभारी मोहन बघेल, प्रधान आरक्षक अरविंद, विजय पाल, सुरेंद्र बघेल, निकलेश रघुवंशी, आरक्षक चंद्रकुमार दाहिया एवं साइबर सेल से महेश रघुवंशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

