अब घटनास्थल पर ही खुलेगा अपराध का राज

बैतूल पुलिस को मिली अत्याधुनिक मोबाइल फॉरेंसिक वैन, वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई होगी और तेज

देवीनाथ लोखंडे सह संपादक दक्षिण मध्यप्रदेश

बैतूल। गंभीर अपराधों की जांच में अब बैतूल पुलिस को वैज्ञानिक साक्ष्यों के रूप में नई ताकत मिल गई है। पुलिस मुख्यालय भोपाल की तकनीकी शाखा की ओर से बैतूल पुलिस को अत्याधुनिक मोबाइल फॉरेंसिक वैन उपलब्ध कराई गई है। शनिवार 12 सितंबर को पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर वैन को कार्यस्थल के लिए रवाना किया।

इस मोबाइल फॉरेंसिक वैन के मिलने से हत्या, लूट, चोरी, नकबजनी, बलात्कार सहित गंभीर अपराधों और अज्ञात मृतकों से जुड़े मामलों में घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया पहले से अधिक तेज, व्यवस्थित और प्रभावी होने की उम्मीद है।

घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में अब नहीं होगी देरी

अपराध की विवेचना में घटनास्थल से मिले छोटे से छोटा साक्ष्य भी महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। फिंगरप्रिंट, डीएनए नमूने, भौतिक साक्ष्य, घटनास्थल की तस्वीरें और अन्य वैज्ञानिक प्रमाण अपराध की कड़ियां जोड़ने में अहम भूमिका निभाते हैं।

मोबाइल फॉरेंसिक वैन की मदद से जिला वैज्ञानिक अधिकारी एवं संबंधित विशेषज्ञ घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्यों का सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से संकलन, दस्तावेजीकरण और आवश्यक प्राथमिक परीक्षण कर सकेंगे। इससे साक्ष्यों के संरक्षण की गुणवत्ता बेहतर होगी और विवेचना को वैज्ञानिक आधार मिलेगा।

हत्या से लेकर लूट और नकबजनी तक में होगी उपयोगी

मोबाइल फॉरेंसिक वैन का उपयोग हत्या, लूट, चोरी, नकबजनी, बलात्कार, गंभीर आपराधिक घटनाओं तथा अज्ञात मृतकों से संबंधित मामलों में किया जाएगा। घटनास्थल की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी से लेकर फिंगरप्रिंट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के संग्रहण तक की प्रक्रिया को मौके पर ही अधिक व्यवस्थित बनाया जा सकेगा।

अत्याधुनिक उपकरणों से लैस है वैन

मोबाइल फॉरेंसिक वैन में वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन के लिए कई आधुनिक उपकरण और किट उपलब्ध हैं। इनमें प्रमुख रूप से—

  • सीसीटीवी कैमरा एवं निगरानी संबंधी उपकरण
  • लैपटॉप एवं प्रिंटर
  • डीएसएलआर कैमरा
  • विभिन्न इन्वेस्टिगेशन किट
  • डीएनए परीक्षण एवं सैंपल कलेक्शन किट
  • फिंगरप्रिंट किट
  • सैंपल कलेक्शन एवं पैकेजिंग सामग्री
  • नारकोटिक्स डिटेक्शन किट
  • अन्य आवश्यक वैज्ञानिक उपकरण एवं सामग्री

शामिल हैं।

वैज्ञानिक साक्ष्य बनेंगे विवेचना की मजबूत कड़ी

पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने मोबाइल फॉरेंसिक वैन के मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इसकी उपलब्धता से गंभीर अपराधों के घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन की प्रक्रिया और अधिक त्वरित एवं प्रभावी होगी। घटनास्थल पर ही साक्ष्यों का व्यवस्थित संकलन और प्राथमिक परीक्षण अपराधियों की पतासाजी तथा वैज्ञानिक अनुसंधान में महत्वपूर्ण मददगार साबित होगा।

उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक साक्ष्य न्यायालयीन प्रक्रिया में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। ऐसे में मोबाइल फॉरेंसिक वैन बैतूल पुलिस के लिए अपराध अनुसंधान में आधुनिक तकनीक के उपयोग की दिशा में महत्वपूर्ण संसाधन साबित होगी।

वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में रवाना हुई वैन

मोबाइल फॉरेंसिक वैन को रवाना किए जाने के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश खरपूसे, एसडीओपी बैतूल अन्नपूर्णा सिरसाम, एसडीओपी मुलताई शिवकुमार सिंह, जिला सीन ऑफ क्राइम प्रभारी निरीक्षक आबिद अंसारी, रक्षित निरीक्षक प्रदीप सूर्यवंशी, एमटीओ हरि वर्मा सहित अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी एवं एफएसएल स्टाफ मौजूद रहा।

मोबाइल फॉरेंसिक वैन के साथ अब अपराध की जांच में सिर्फ प्रत्यक्षदर्शियों और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों पर निर्भरता कम होगी, बल्कि घटनास्थल से मिले वैज्ञानिक प्रमाणों को भी विवेचना की अहम कड़ी बनाया जा सकेगा।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!