बोरदेही पुलिस ने 24 घंटे में हत्यारे पति को दबोचा, हत्या में प्रयुक्त दुपट्टा और बेल्ट का टुकड़ा बरामद
देवीनाथ लोखंडे सह संपादक दक्षिण मध्यप्रदेश
बैतूल। बोरदेही थाना क्षेत्र के मोरखा में महिला की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए उसके पति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पति ने चरित्र पर संदेह के चलते पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी और वारदात छिपाने के लिए शव को फांसी के फंदे पर लटका दिया, ताकि मामला आत्महत्या का लगे।
जानकारी के अनुसार 5 सितंबर को रामरती पति लखन धुर्वे निवासी छिंदी ने बोरदेही थाने में सूचना दी कि उसकी बहन रूकवती पति प्रहलाद सरियाम (35) निवासी इंद्रा आवास कॉलोनी, मोरखा ने फांसी लगा ली है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक भैयालाल उईके पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल की परिस्थितियां संदिग्ध मिलने पर पुलिस ने तत्काल साक्ष्य सुरक्षित किए।
एसडीओपी मुलताई एसके सिंह, क्राइम सीन एक्सपर्ट निरीक्षक आबिद अंसारी और डॉग स्क्वाड ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की। एफएसएल एवं पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी प्रहलाद अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था और इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद व मारपीट होती थी।
पुलिस के अनुसार 3-4 सितंबर की दरम्यानी रात विवाद के दौरान आरोपी ने पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद शव को हरे रंग के पतले वायर के सहारे झोपड़ी के लकड़ी के हिस्से पर लटका दिया और हत्या को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया।
वैज्ञानिक साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने आरोपी प्रहलाद सरियाम (40) को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त ओढ़नी और मारपीट में इस्तेमाल कमर पट्टे का टुकड़ा भी बरामद किया गया है। आरोपी के खिलाफ धारा 103(1), 238(ए) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में बोरदेही पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

