मंडला में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 66.50 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त
मंडला , 4 अक्टूबर 2026। मध्यप्रदेश के मंडला जिले में निवेश की राशि कम समय में दोगुनी करने का लालच देकर लोगों से धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान अब तक करीब 1 करोड़ 75 लाख रुपये की धोखाधड़ी संबंधी शिकायतें सामने आई हैं। आरोपियों के कब्जे से करीब 66 लाख 50 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
32 लाख रुपये नकद समेत वाहन जब्त
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के पास से 32 लाख रुपये नकद, तीन स्कूटी, एक मारुति ब्रेजा कार, एक हुंडई अल्काजार कार और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत करीब 66.50 लाख रुपये बताई गई है।
कई जिलों में दबिश देकर आरोपियों को पकड़ा
मामले की गंभीरता को देखते हुए मंडला पुलिस ने विशेष टीमें गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस टीमों ने नागपुर, गोंदिया, मुंबई, बालाघाट सहित विभिन्न स्थानों पर जानकारी जुटाई और संभावित ठिकानों पर दबिश दी। समन्वित कार्रवाई के दौरान गोंदिया, बालाघाट और मंडला से छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
धोखाधड़ी की रकम से संपत्ति खरीदने की जांच
जांच में सामने आया कि हुंडई अल्काजार कार पूर्व में गिरवी रखी हुई थी। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने कथित तौर पर धोखाधड़ी से प्राप्त राशि में से 11 लाख रुपये नकद देकर कार को छुड़ाया था। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि धोखाधड़ी से प्राप्त रकम का इस्तेमाल किन वाहनों और अन्य संपत्तियों को खरीदने में किया गया।
अन्य राज्यों में दर्ज मामलों की भी पड़ताल
जांच के दौरान एक आरोपी के खिलाफ महाराष्ट्र के नागपुर जिले के नंदनवन थाने में भी धोखाधड़ी का मामला दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार आरोपी इस मामले में जमानत पर था। वर्तमान प्रकरण में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर निवेशकों की पहचान, उनसे प्राप्त रकम, आपसी वित्तीय लेन-देन और अर्जित संपत्तियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस ने निवेशकों से सावधानी बरतने की अपील की
मध्यप्रदेश पुलिस ने आमजन से अपील की है कि कम समय में पैसा दोगुना करने या असामान्य रूप से अधिक लाभ देने वाली योजनाओं के झांसे में आकर अपनी जमा पूंजी निवेश न करें। किसी भी निवेश योजना में पैसा लगाने से पहले उसकी सत्यता और वैधानिकता की जांच अवश्य करें। संदिग्ध निवेश योजना अथवा धोखाधड़ी की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गई है।

