रेस्क्यू बना आखिरी मिशन: टूटे डिब्बे से निकले कोबरा ने डसा, सर्प मित्र अमन गोहिया की इलाज के दौरान मौत

6 किलोमीटर दूर गांव में कोबरा पकड़ने पहुंचे थे अमन, एक छोटी सी चूक ने छीन ली जिंदगी; पूरे क्षेत्र में शोक की लहर

मंडला। मध्यप्रदेश के मंडला जिले में एक दर्दनाक हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। जिले के बिछिया क्षेत्र के डूंगरा गांव में कोबरा सांप का रेस्क्यू करने पहुंचे सक्रिय सर्प मित्र अमन गोहिया उर्फ बॉबी की एक छोटी सी लापरवाही जानलेवा साबित हुई। रेस्क्यू के दौरान कोबरा को एक टूटे हुए प्लास्टिक के डिब्बे में बंद करने का प्रयास किया गया, लेकिन टूटी जगह से बाहर निकले कोबरा ने अमन के पैर में डस लिया। इलाज के दौरान मंगलवार को उनकी मौत हो गई।

6 किलोमीटर दूर पहुंचकर किया था सफल रेस्क्यू

जानकारी के अनुसार, अमन गोहिया सोमवार को अपने घर पर थे, तभी उन्हें डूंगरा गांव से कोबरा निकलने की सूचना मिली। वे करीब 6 किलोमीटर दूर गांव पहुंचे और सुरक्षित तरीके से कोबरा का रेस्क्यू भी कर लिया। लेकिन सांप को प्लास्टिक के डिब्बे में बंद करते समय डिब्बे के टूटे होने पर उनका ध्यान नहीं गया।

टूटे हिस्से से बाहर निकला कोबरा, पैर में मारा डंक

जैसे ही अमन ने डिब्बे का ढक्कन बंद किया, कोबरा टूटे हुए हिस्से से बाहर निकल आया और उनके बाएं पैर की उंगली के पास डस लिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

अस्पताल में जिंदगी की जंग हार गए अमन

सांप के डसने के बाद उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने हरसंभव उपचार किया, लेकिन मंगलवार को इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

क्षेत्र में शोक, वन्यजीव संरक्षण से जुड़े लोगों में मायूसी

अमन गोहिया जिले के सक्रिय सर्प मित्रों में गिने जाते थे और उन्होंने अब तक कई जहरीले सांपों का सफल रेस्क्यू कर लोगों की जान बचाई थी। उनकी असामयिक मृत्यु से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों और वन्यजीव प्रेमियों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!