आवासीय क्षेत्रों में अवैध भंडारण, बिना लाइसेंस बिक्री और पटाखा निर्माण पर शिकंजा
सागर, छतरपुर, मुरैना समेत कई जिलों में पुलिस की दबिश, कार्बाइड गन और पोटाश भी बरामद
भोपाल, 26 अक्टूबर। दीपावली पर्व के दौरान नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और आगजनी व विस्फोट की संभावित घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए मध्यप्रदेश पुलिस ने अवैध पटाखों के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ प्रदेशव्यापी अभियान चलाया है। पिछले दस दिनों में पुलिस ने 45 लाख रुपये से अधिक मूल्य के अवैध पटाखे और विस्फोटक सामग्री जब्त की है। इसके साथ ही पोटाश और कार्बाइड गन जैसे असुरक्षित उपकरणों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है।
पुलिस द्वारा सूचना के आधार पर दुकानों, गोदामों और आवासीय क्षेत्रों में दबिश दी जा रही है। बिना लाइसेंस पटाखे बेचने, असुरक्षित तरीके से विस्फोटक सामग्री रखने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
सागर में सबसे बड़ी कार्रवाई
सागर जिले में पुलिस ने 100 से अधिक स्थानों पर एक साथ जांच कर दस मामलों में लगभग 3.69 लाख रुपये के पटाखे जब्त किए। मोतीनगर थाना पुलिस ने दो मामलों में करीब 19 लाख रुपये के अवैध पटाखे बरामद किए। बीना के गांधी वार्ड से 1.51 लाख रुपये तथा शाहगढ़ में दो स्थानों से लगभग पांच लाख रुपये के पटाखे जब्त किए गए। जिले में कुल जब्ती करीब 29.71 लाख रुपये की बताई गई है।
छतरपुर और मुरैना में आरोपी गिरफ्तार
छतरपुर के नौगांव में अवैध परिवहन के दौरान 13 कार्टून पटाखे और तीन पहिया टैक्सी जब्त की गई। कोतवाली पुलिस ने रिहायशी क्षेत्र में स्थित अवैध गोदाम से 91 कार्टून और दस बोरियों में रखे पटाखे बरामद किए। जिले में कुल जब्ती लगभग 6.70 लाख रुपये की रही।
मुरैना में कैलारस और जौरा पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर पटाखे बनाने की सामग्री सहित करीब 2.45 लाख रुपये का सामान जब्त किया। अन्य थाना क्षेत्रों में भी कार्रवाई करते हुए जिले में कुल 3.19 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की गई।
अन्य जिलों में भी कार्रवाई
इंदौर के राजेंद्र नगर क्षेत्र में बिना लाइसेंस रखे 197 कार्टून पटाखे जब्त किए गए, जिनकी कीमत करीब 2.62 लाख रुपये है। दतिया के इंदरगढ़ में दो मकानों से लगभग 60 किलोग्राम बारूद और पटाखा निर्माण सामग्री बरामद की गई। अन्य कार्रवाइयों में पटाखे और एक कार भी जब्त की गई।
ग्वालियर में पुलिस ने अवैध पटाखों के साथ 58 कार्बाइड गन और पोटाश के पैकेट बरामद किए। उज्जैन के बड़नगर में असुरक्षित तरीके से रखे पटाखे जब्त किए गए, जबकि श्योपुर में 74 अवैध कार्बाइड गन पकड़ी गईं।
पुलिस की नागरिकों से अपील
मध्यप्रदेश पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि पटाखों का भंडारण और बिक्री वैध अनुमति तथा निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुसार ही करें। रिहायशी इलाकों में अवैध पटाखे जमा न करें और कार्बाइड गन जैसे असुरक्षित उपकरणों के उपयोग से बचें। अवैध निर्माण, भंडारण या बिक्री की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।

