भोपाल में 28 से 30 अक्टूबर तक गूंजेगी पुलिस बैंड की मनमोहक धुनें

बोट क्लब, शौर्य स्मारक और जहांगीराबाद पुलिस पेट्रोल पंप पर होंगे कार्यक्रम, नागरिकों के लिए प्रवेश निःशुल्क

भोपाल, 27 अक्टूबर 2026। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा पुलिस स्मृति दिवस एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित दस दिवसीय कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत भोपाल में पुलिस बैंड की विशेष प्रस्तुतियां दी जाएंगी। सातवीं वाहिनी मध्यप्रदेश पुलिस बैंड 28, 29 और 30 अक्टूबर को शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर देशभक्ति सहित विभिन्न गीतों की मनमोहक धुनें प्रस्तुत करेगा।

तीन स्थानों पर शाम को होगा आयोजन

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, पुलिस बैंड की प्रस्तुतियां प्रतिदिन शाम 4 बजे से 5:30 बजे तक आयोजित की जाएंगी। इसके तहत 28 अक्टूबर को बोट क्लब, 29 अक्टूबर को शौर्य स्मारक भोपाल तथा 30 अक्टूबर को पुलिस पेट्रोल पंप, जहांगीराबाद में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से नागरिकों को देशभक्ति से ओतप्रोत संगीत सुनने का अवसर मिलेगा।

देशभक्ति गीतों से बढ़ेगा राष्ट्रीय गौरव

सातवीं वाहिनी के कमांडेंट श्री हितेश चौधरी ने बताया कि पुलिस बैंड द्वारा देशभक्ति के गीतों के साथ अन्य लोकप्रिय गीतों की भी प्रस्तुति दी जाएगी। कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों में देशप्रेम, राष्ट्रीय गौरव और एकता की भावना को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने बताया कि यह आयोजन सभी नागरिकों के लिए निःशुल्क रखा गया है, ताकि अधिक से अधिक लोग इसमें शामिल होकर पुलिस बैंड की प्रस्तुतियों का आनंद ले सकें।

पुलिस स्मृति दिवस से राष्ट्रीय एकता दिवस तक कार्यक्रम

उल्लेखनीय है कि 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस से लेकर 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस तक दस दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से पुलिस बल के योगदान, कर्तव्यनिष्ठा, देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता के संदेश को आमजन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

इसी क्रम में सातवीं वाहिनी पुलिस बैंड की प्रस्तुतियां भोपाल के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर आयोजित होंगी। पुलिस विभाग ने नागरिकों से इन कार्यक्रमों में सहभागिता कर देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता के संदेश से जुड़ने की अपील की है।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!