30 करोड़ के विवाह सहायता घोटाले में तत्कालीन CEO शोभित त्रिपाठी गिरफ्तार, 9 सितंबर तक ED कस्टडी

भोपाल। पुलिस दर्पण
भोपाल। मध्य प्रदेश में सरकारी विवाह सहायता योजना में कथित करोड़ों रुपये के घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने सिरोंज जनपद पंचायत के तत्कालीन निलंबित CEO शोभित त्रिपाठी को गिरफ्तार किया है। ईडी ने उन्हें 3 सितंबर को भोपाल की विशेष अदालत में पेश किया, जहां से अदालत ने 9 सितंबर तक ईडी की कस्टडी में भेज दिया। शोभित त्रिपाठी पर सिरोंज जनपद पंचायत में CEO रहते हुए मुख्यमंत्री विवाह सहायता योजना में नियमों का उल्लंघन कर सरकारी राशि के गलत इस्तेमाल का आरोप है। जांच एजेंसियों के अनुसार, इस मामले में करीब 30.18 करोड़ रुपये की सरकारी राशि संदिग्ध तरीके से वितरित की गई।

5923 संदिग्ध मामलों में बांटी गई राशि

ईडी के अनुसार, वर्ष 2019 से 2021 के बीच सिरोंज जनपद पंचायत क्षेत्र में विवाह सहायता योजना के तहत करीब 5,923 संदिग्ध मामलों में हितग्राहियों को प्रति प्रकरण 51 हजार रुपये की सहायता राशि स्वीकृत कर वितरित की गई। जांच में सरकारी नियमों के उल्लंघन और राशि के कथित दुरुपयोग के तथ्य सामने आए हैं।
कुल भुगतान की राशि करीब 30 करोड़ 18 लाख 39 हजार रुपये बताई गई है। मामले में सरकारी फंड के कथित गलत इस्तेमाल और उससे जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग एंगल की जांच ईडी द्वारा की जा रही है।

EOW की शिकायत और FIR के बाद शुरू हुई जांच

CEO रहते हुए शोभित त्रिपाठी के खिलाफ विवाह सहायता योजना में कथित अनियमितताओं को लेकर आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) में शिकायत की गई थी। शिकायत के आधार पर FIR दर्ज कर जांच शुरू की गई। EOW की जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर बाद में ईडी ने भी मनी लॉन्ड्रिंग के तहत मामला दर्ज किया और जांच आगे बढ़ाई।

मामला विधानसभा में भी उठा था

विवाह सहायता योजना में कथित गड़बड़ी का मामला तत्कालीन सिरोंज भाजपा विधायक उमाकांत शर्मा ने विधानसभा में भी उठाया था। इसके बाद तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के निर्देश पर शोभित त्रिपाठी को निलंबित किए जाने की बात सामने आई थी।

2020 में EOW कर चुकी है गिरफ्तारी

शोभित त्रिपाठी की इस मामले में यह पहली गिरफ्तारी नहीं बताई जा रही है। EOW ने वर्ष 2020 में भी उन्हें गिरफ्तार किया था, जिसके बाद वे करीब डेढ़ वर्ष तक जेल में रहे थे। अब इसी प्रकरण से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग एंगल में ईडी ने उन्हें गिरफ्तार किया है।
शोभित त्रिपाठी प्रदेश के वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव के रिश्तेदार बताए जाते हैं। फिलहाल ईडी उनकी कस्टडी में मामले से जुड़े दस्तावेजों, सरकारी राशि के वितरण और अन्य संबंधित लोगों की भूमिका को लेकर पूछताछ कर रही है।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!