जनसुनवाई में थाना प्रभारियों को दिए सख्त निर्देश— “हर शिकायत का हो समयबद्ध समाधान”

जनसुनवाई में गूंजीं 47 फरियादें

रतलाम पुलिस की जनसुनवाई में शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई का भरोसा, लंबित प्रकरणों की भी हुई समीक्षा
रतलाम | पुलिस दर्पण
आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं पारदर्शी समाधान के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कार्यालय रतलाम में सोमवार को जनसुनवाई आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में आयोजित इस जनसुनवाई में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए 47 आवेदकों की शिकायतों को गंभीरता से सुना गया और उनके शीघ्र निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक ने संबंधित थाना प्रभारियों से लंबित प्रकरणों की स्थिति एवं अब तक की गई कार्रवाई की विस्तृत जानकारी ली। वहीं नई प्राप्त शिकायतों पर तत्काल एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए समयबद्ध और संतोषजनक निराकरण करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) विवेक कुमार लाल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राकेश पन्द्रो ने पूर्व में आयोजित जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों की समीक्षा कर उनकी प्रगति का आकलन किया। अधिकारियों को लंबित मामलों का जल्द से जल्द निष्पादन करने और शिकायतकर्ताओं को कार्रवाई की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने स्पष्ट कहा कि आमजन की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए यथासंभव मौके पर ही उनका समाधान किया जाए तथा प्रत्येक आवेदक को की गई कार्रवाई से अवगत कराया जाए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य नागरिकों को त्वरित न्याय, पारदर्शी कार्रवाई और पुलिस व्यवस्था पर विश्वास प्रदान करना है।
जनसुनवाई के दौरान नगर पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र घनघोरिया, उप पुलिस अधीक्षक अजय सारवान, निरीक्षक रेखा चौधरी, उप निरीक्षक राजश्री सिसोदिया सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
जनविश्वास बढ़ाने की पहल
रतलाम पुलिस ने स्पष्ट किया कि आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जनसुनवाई की प्रक्रिया नियमित रूप से जारी रहेगी, ताकि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!