‘टेक्नोलॉजी हब’ बनने की ओर मध्यप्रदेश! ₹178.70 करोड़ के निवेश से 20 नई औद्योगिक इकाइयों का शुभारंभ, 1,229 युवाओं को मिलेगा रोजगार

एमपी टेक ग्रोथ कॉन्क्लेव 3.0 का मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया शुभारंभ, गूगल प्ले के साथ हुआ अहम MoU

भोपाल | पुलिस दर्पण

भोपाल । मध्यप्रदेश तेजी से देश के प्रमुख टेक्नोलॉजी और हाई-टेक निवेश केंद्र के रूप में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल में आयोजित ‘एमपी टेक ग्रोथ कॉन्क्लेव 3.0’ का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश की तकनीकी प्रगति और डिजिटल विकास यात्रा पर आधारित लघु फिल्म का अवलोकन किया। इसके बाद ₹178.70 करोड़ के निवेश से स्थापित 20 नई औद्योगिक इकाइयों का लोकार्पण किया। इन परियोजनाओं से प्रदेश में 1,229 नए रोजगार के अवसर सृजित होंगे, जिससे युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिलने की उम्मीद बढ़ेगी।

कॉन्क्लेव में निवेश और तकनीकी सहयोग को नई गति देते हुए गूगल प्ले (इंडिया लीड) और मध्यप्रदेश स्टेट इलेक्ट्रॉनिक्स डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (MPSEDC) के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) का आदान-प्रदान भी किया गया।

इस अवसर पर स्पेन के बार्सिलोना स्थित सबमर इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पैट्रिक स्मेट्स सहित विभिन्न राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के प्रतिनिधियों को मध्यप्रदेश में औद्योगिक इकाइयां स्थापित करने के लिए लेटर ऑफ अलॉटमेंट भी प्रदान किए गए।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार निवेशकों के लिए अनुकूल वातावरण, आधुनिक अधोसंरचना और पारदर्शी नीतियों के माध्यम से मध्यप्रदेश को इनोवेशन, डिजिटल टेक्नोलॉजी और हाई-टेक उद्योगों का अग्रणी केंद्र बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम ने प्रदेश में निवेश, रोजगार और तकनीकी विकास की नई संभावनाओं को और मजबूत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!