जनभागीदारी से 6 लाख जुटाकर बनाया 4.5 किमी लंबा रास्ता
कलेक्टर अदिति गर्ग की पहल रंग लाई, प्रशासन और किसानों के सहयोग से गांव बोलिया में आसान हुआ आवागमन
मंदसौर | पुलिस दर्पण
मंदसौर । जिले में प्रशासन और ग्रामीणों की साझेदारी का प्रेरणादायक उदाहरण सामने आया है। कलेक्टर श्रीमती अदिति गर्ग के निर्देशानुसार संचालित ‘राहगीर अभियान’ के तहत ग्राम बोलिया में किसानों ने स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाकर न केवल रास्ते खाली किए, बल्कि उनके निर्माण के लिए जनभागीदारी से 6 लाख रुपये का सहयोग भी दिया।
अभियान के अंतर्गत करीब साढ़े चार किलोमीटर लंबे और 35 फीट चौड़े तीन प्रमुख मार्गों को प्रशासन की समझाइश के बाद किसानों ने स्वेच्छा से अतिक्रमण मुक्त किया। इसके बाद प्रशासन और ग्रामीणों ने मिलकर इन मार्गों पर मुरम और पत्थर डालकर उन्हें सुगम और आवागमन योग्य बनाया।
इस पहल से गांव के किसानों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को आने-जाने में बड़ी सुविधा मिलेगी। लंबे समय से रास्तों में आ रही बाधाएं दूर होने से ग्रामीणों ने भी राहत की सांस ली है। कलेक्टर श्रीमती अदिति गर्ग के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान को ग्रामीणों का भरपूर सहयोग मिला, जिससे यह पहल प्रशासन और जनभागीदारी के सफल समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण बन गई। प्रशासन ने भी इसे ग्रामीण विकास और सामाजिक सहभागिता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।

