ढाई महीने पहले हुई थी शादी, 23 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध मौत से सनसनी; मायके पक्ष ने लगाए प्रताड़ना के आरोप

डिंडौरी | पुलिस दर्पण न्यूज

डिंडौरी। मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिले में शादी के महज ढाई महीने बाद 23 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। जिला मुख्यालय के वार्ड क्रमांक-5 में हुई इस घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं, जबकि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार वार्ड क्रमांक-5 निवासी खुश्बू साहू (23) अपने घर में फंदे से लटकी हुई मिलीं। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।

घटना के बाद मामला उस समय गंभीर हो गया जब मृतका के परिजनों ने सास-ससुर पर प्रताड़ना के आरोप लगाए। परिजनों का कहना है कि सोमवार शाम ससुराल पक्ष से खुश्बू की तबीयत खराब होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही लालपुर से परिवार के सदस्य डिंडौरी पहुंचे, लेकिन वहां खुश्बू मृत अवस्था में मिली। इस घटना से परिवार में शोक और आक्रोश का माहौल है।

परिजनों के अनुसार खुश्बू साहू का विवाह 6 मई 2026 को डिंडौरी निवासी अंकित साहू के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। उनका दावा है कि कुछ दिन पहले ही खुश्बू अपने पति के साथ ससुराल लौटी थी, लेकिन दो दिन बाद उसकी मौत की खबर मिलने से पूरा परिवार स्तब्ध रह गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी सतीश द्विवेदी और तहसीलदार जिला अस्पताल पहुंचे, जहां मृतका के मायके पक्ष के बयान दर्ज किए गए। पुलिस ने सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी है।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं नवविवाहिता को मानसिक या शारीरिक रूप से प्रताड़ित तो नहीं किया जा रहा था। यदि जांच और साक्ष्यों में प्रताड़ना या अन्य आपराधिक तथ्य सामने आते हैं, तो संबंधित कानूनी धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस का कहना है कि मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्यों और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। इसलिए घटना के कारणों को लेकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना अभी जल्दबाजी होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!