वन भूमि विवाद बना खूनी संघर्ष: 17-18 वर्षीय युवक की हत्या, पिता-भाई घायल; सात नामजद आरोपी

रतलाम जिले के बाजना थाना क्षेत्र के कागलीखोरा गांव में पुराना भूमि विवाद हिंसा में बदला, पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर शुरू की जांच।

रतलाम। पुलिस दर्पण

रतलाम। जिले के बाजना थाना क्षेत्र की केलकच्छ चौकी अंतर्गत ग्राम कागलीखोरा में वन विभाग की जमीन पर कब्जे को लेकर वर्षों से चला आ रहा विवाद मंगलवार को खूनी संघर्ष में बदल गया। विवाद के दौरान 17-18 वर्षीय एक युवक की हत्या कर दी गई, जबकि उसके पिता और भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।

सूचना मिलते ही बाजना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं, वहीं आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच गांव की पहाड़ी पर स्थित वन विभाग की जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। मंगलवार को यही विवाद हिंसक झड़प में बदल गया, जिसमें युवक की जान चली गई। पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक अमित कुमार और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों से विस्तृत जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा जांच में तेजी लाने के निर्देश दिए।

सात आरोपियों पर हत्या का केस दर्ज

बाजना थाना प्रभारी रविंद्र दंडोतिया ने बताया कि मृतक की उम्र से संबंधित दस्तावेजों की जांच की जा रही है। परिजनों के अनुसार उसकी उम्र 17 से 18 वर्ष के बीच है। पुलिस ने इस मामले में रमेश पिता रावजी, पंकेश पिता जीवा, विकास पिता दारजी, राजीव पिता दारजी, माइकल पिता मोहन, मोहन पिता वेस्ता सहित सात आरोपियों के खिलाफ नामजद हत्या का मामला दर्ज किया है। सभी आरोपी एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं। कुछ आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की जा रही है तथा सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!