पुलिस की सतर्कता से वाहन चोर गिरफ्तार,दो चोरी की मोटरसाइकिल बरामद

हीरानगर थाना पुलिस और नगर सुरक्षा समिति की संयुक्त कार्रवाई, रात की गश्त में आरोपी ने भागने का किया प्रयास, घेराबंदी कर दबोचा गया

इंदौर | पुलिस दर्पण

इंदौर । शहर में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना हीरानगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रात्रि गश्त के दौरान पुलिस ने एक शातिर दोपहिया वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से दो चोरी की मोटरसाइकिल, जिनकी कुल अनुमानित कीमत 80 हजार रुपये है, बरामद की हैं।

पुलिस के अनुसार, सहायक पुलिस आयुक्त (हीरानगर) रुबीना मिजवानी के निर्देशन में थाना प्रभारी सुशील पटेल को वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसी अभियान के तहत 10 जुलाई 2026 की रात थाना हीरानगर की गश्ती टीम और नगर सुरक्षा समिति के सदस्य संयुक्त रूप से क्षेत्र में गश्त कर रहे थे।

इसी दौरान एक संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल लेकर जाता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो वह वाहन छोड़कर भागने लगा। पुलिस और नगर सुरक्षा समिति के सदस्यों ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी की और कुछ ही दूरी पर उसे पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी की पहचान दिलीप पिता मदन भूरिया (24 वर्ष), निवासी भूतिया, जिला धार के रूप में हुई। उसकी निशानदेही पर दो चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गईं। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को वाहन चोरी की अन्य वारदातों के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके कब्जे से अन्य चोरी के वाहन बरामद होने की भी संभावना है।

पुलिस ने बताया कि इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सुशील पटेल, थाना स्टाफ तथा नगर सुरक्षा समिति के सदस्यों की सराहनीय भूमिका रही। इंदौर पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!