नागदा को मिली केंद्रीय विद्यालय की सौगात

3 अगस्त से शुरू होंगी कक्षाएं, पहली से पांचवीं तक 200 सीटों पर होगा प्रवेश, 25% सीटें आरटीई के तहत आरक्षित

उज्जैन / नागदा | पुलिस दर्पण

उज्जैन । मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को नागदा में केंद्रीय विद्यालय का विधिवत शुभारंभ कर क्षेत्रवासियों को बड़ी शैक्षणिक सौगात दी। उन्होंने इसे नागदा और आसपास के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि अब बच्चों को अपने ही क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय विद्यालय केवल शिक्षा का संस्थान नहीं, बल्कि अनुशासन, उत्कृष्टता, नवाचार और राष्ट्रीय मूल्यों के विकास का सशक्त केंद्र है। इससे क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा मिलेगी और विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित होगा।

विद्यालय में प्रथम चरण में कक्षा 1 से 5 तक की पढ़ाई शुरू होगी। प्रत्येक कक्षा में 40 विद्यार्थियों के प्रवेश की व्यवस्था के अनुसार कुल 200 सीटों पर प्रवेश दिए जाएंगे। इनमें 25 प्रतिशत सीटें शिक्षा का अधिकार (आरटीई) के तहत पात्र बच्चों के लिए आरक्षित रहेंगी। प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है तथा 3 अगस्त से नियमित कक्षाएं संचालित होंगी।

केंद्रीय विद्यालय संगठन द्वारा संचालित विद्यालय देशभर में एक समान पाठ्यक्रम, उत्कृष्ट शैक्षणिक गुणवत्ता और आधुनिक शिक्षण प्रणाली के लिए जाने जाते हैं। विद्यालय में विद्यार्थियों के बौद्धिक, सामाजिक, नैतिक एवं व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप शिक्षा प्रदान की जाएगी।

विद्यालय में आधुनिक कक्षाएं, विज्ञान एवं कंप्यूटर प्रयोगशालाएं, समृद्ध पुस्तकालय, खेलकूद एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं एवं उच्च शिक्षा के लिए मजबूत आधार मिलेगा।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि केंद्रीय विद्यालय की स्थापना का सबसे अधिक लाभ उन परिवारों को मिलेगा, जिनका स्थानांतरण विभिन्न शहरों में होता रहता है। पूरे देश में एक समान पाठ्यक्रम होने से विद्यार्थियों की पढ़ाई बिना किसी व्यवधान के जारी रह सकेगी।

इस अवसर पर कर्नाटक के राज्यपाल श्री थावरचंद गहलोत, उज्जैन जिले के प्रभारी मंत्री श्री गौतम टेंटवाल, सांसद श्री अनिल फिरोजिया, आलोट विधायक श्री चिंतामणि मालवीय, खाचरोद विधायक श्री तेज बहादुर सिंह, घटिया विधायक श्री सतीश मालवीय, बड़नगर विधायक श्री जितेंद्र पंडिया, श्री राजेश धाकड़, श्री प्रदीप उपाध्याय सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रशासनिक अधिकारियों में कमिश्नर श्री आशीष सिंह, एडीजी श्री राकेश गुप्ता, कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री प्रदीप शर्मा तथा केंद्रीय विद्यालय उज्जैन के प्राचार्य श्री मुकेश कुमार मीणा भी समारोह में मौजूद रहे।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!