भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने भरा नामांकन,शक्ति प्रदर्शन में जुटे मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता
दतिया | पुलिस दर्पण
दतिया । विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन के अंतिम दिन भारतीय जनता पार्टी ने शक्ति प्रदर्शन करते हुए अपने प्रत्याशी आशुतोष तिवारी का नामांकन दाखिल कराया। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
नामांकन के बाद दतिया के किला चौक पर आयोजित जनसभा में उस समय भावुक माहौल बन गया, जब पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भाजपा में फूट की बातें कर रही है, लेकिन पार्टी पूरी तरह एकजुट है और कार्यकर्ताओं के दम पर चुनाव जीतेगी। अपने संबोधन में डॉ. मिश्रा ने भाजपा और कांग्रेस की कार्यशैली की तुलना करते हुए कहा कि भाजपा की राजनीति सेवा और समर्पण की है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्रसेवा की भावना लेकर आगे बढ़ता है।
सभा के दौरान उन्होंने दतिया की जनता के प्रति अपना भावनात्मक जुड़ाव व्यक्त करते हुए कहा, “मैं दतिया के एक-एक घर जाकर अपना शीश नवाऊंगा और जनता का आशीर्वाद लूंगा।” यह कहते-कहते उनका गला भर आया और वे कुछ क्षणों के लिए भावुक हो गए। मंच पर मौजूद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तुरंत उनके पास पहुंचे और उनका हौसला बढ़ाया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने भी उन्हें संभाला। इस भावुक पल के बाद सभा में मौजूद कार्यकर्ताओं ने जोरदार तालियों और नारों से उनका उत्साहवर्धन किया। दतिया उपचुनाव के नामांकन के अंतिम दिन भाजपा ने अपने शीर्ष नेतृत्व की मौजूदगी के साथ चुनावी एकजुटता और संगठनात्मक ताकत का संदेश देने का प्रयास किया।

