किसानों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता, उपार्जन और कृषि व्यवस्थाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं : कलेक्टर अंशुल गुप्ता
विदिशा। पुलिस दर्पण
विदिशा। जिले में समर्थन मूल्य पर ग्रीष्मकालीन मूंग उपार्जन कार्यों की प्रगति और आगामी खरीफ फसल की तैयारियों को लेकर कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। कलेक्टर ने अपने चेम्बर में आयोजित बैठक में उपार्जन से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को किसानों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती मीना मेसराम, एसडीएम श्री मनीष जैन सहित कृषि, सहकारिता, जिला केंद्रीय सहकारी बैंक (सीसीबी) और मार्कफेड के अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने जिले में समर्थन मूल्य पर संपन्न हुए ग्रीष्मकालीन मूंग उपार्जन कार्यों की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से किसानों से की गई मूंग खरीदी, उपार्जन प्रक्रिया, भुगतान तथा किसानों से संबंधित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि उपार्जन प्रक्रिया में किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
खरीफ फसल की स्थिति की भी समीक्षा
बैठक के दौरान आगामी खरीफ फसल को लेकर जिले की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कृषि विभाग के अधिकारियों से खरीफ फसलों के रकबे, बोवनी की स्थिति और वर्तमान फसल स्थिति की जानकारी ली। इसके साथ ही किसानों के लिए आवश्यक कृषि संबंधी व्यवस्थाओं और उपलब्ध सुविधाओं की भी समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खरीफ सीजन के दौरान किसानों को समय पर आवश्यक मार्गदर्शन और सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। शासन की योजनाओं एवं निर्धारित प्रक्रियाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के साथ ही कृषि और उपार्जन से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर
कलेक्टर श्री गुप्ता ने कहा कि उपार्जन कार्यों में किसानों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और किसानों को समय पर आवश्यक जानकारी एवं सेवाएं उपलब्ध कराएं। उन्होंने अधिकारियों से मैदानी स्तर पर व्यवस्थाओं की सतत निगरानी करने तथा किसानों से जुड़ी समस्याओं का समय पर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

