भ्रष्टाचार के खिलाफ “नेशनल एंटीकरप्शन ऑपरेशन कमेटी ऑफ इंडिया” द्वारा शपथ ग्रहण समारोह

भ्रष्टाचार के खिलाफ एनएसीओसीआई का संकल्प, रतलाम में शपथ ग्रहण समारोह के साथ समाजसेवियों का हुआ सम्मान।

सांसद अनिता नागर सिंह चौहान रहीं मुख्य अतिथि, 28 राज्यों में संगठन की सक्रिय भूमिका का किया उल्लेख।

रतलाम। राष्ट्रहित, ईमानदारी और जनसेवा के संकल्प के साथ नेशनल एंटीकरप्शन ऑपरेशन कमेटी ऑफ इंडिया (एनएसीओसीआई) द्वारा उज्जैन संभाग का शपथ ग्रहण एवं सम्मान समारोह रतलाम में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में नव-नियुक्त पदाधिकारियों ने भ्रष्टाचार एवं अत्याचार मुक्त भारत के निर्माण के लिए पूर्ण निष्ठा, पारदर्शिता और समर्पण के साथ कार्य करने की शपथ ली।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि झाबुआ–रतलाम संसदीय क्षेत्र की सांसद श्रीमती अनिता नागर सिंह चौहान थीं, जबकि अध्यक्षता संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राजेश शुक्ला ने की। विशिष्ट अतिथियों में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार टेन्द्रों, उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) आनंद सोनी, औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी श्रीमती गायत्री सोनी तथा दो बत्ती थाना प्रभारी जितेन्द्र जादौन उपस्थित रहे।

समारोह के दौरान समाजसेवा, जनकल्याण एवं मानव सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले हेमन्त मूणत, गोविन्द काकानी, अनुज छाजेड़, रमेश टाक, डॉ. शैलेन्द्र चौकर्षि (पैथोलॉजिस्ट), डॉ. बी.एल. तापड़िया, अर्पित गांधी, सत्यदेव मलिक, मोहन मुरलीवाला, पंकज कटारिया एवं पंकज मेहता को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित समाजसेवियों ने इसे समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का सम्मान बताते हुए सेवा कार्यों को और अधिक गति देने का संकल्प व्यक्त किया।

मुख्य अतिथि सांसद श्रीमती अनिता नागर सिंह चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि एनएसीओसीआई देश के 28 राज्यों में 500 से अधिक कार्यालयों के माध्यम से भ्रष्टाचार और अत्याचार के विरुद्ध जनजागरण अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे संगठनों की भूमिका समाज में पारदर्शिता, नैतिक मूल्यों और जनविश्वास को मजबूत करने में महत्वपूर्ण है तथा सभी पदाधिकारियों से सेवा कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार टेन्द्रों ने कहा कि भ्रष्टाचार और अत्याचार के विरुद्ध संघर्ष केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक भागीदारी से ही सफल हो सकता है। उन्होंने संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम के संयोजक राष्ट्रीय जांच अधिकारी एवं प्रदेश अध्यक्ष अनिल बोराणा, जिला अध्यक्ष रमेश पीपाड़ा तथा पूरी टीम रही। कार्यक्रम का संचालन मनोज सुराणा (उज्जैन) ने किया, जबकि अंत में जिला अध्यक्ष रमेश पीपाड़ा ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया।

समारोह में बड़ी संख्या में सामाजिक, धार्मिक एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!