रेडक्रॉस का सेवा संकल्प: निःशुल्क नेत्र शिविर में 200 लोगों की आंखों की जांच

37 मोतियाबिंद मरीजों की पहचान।

जरूरतमंदों को मुफ्त चश्मे और आई ड्रॉप्स वितरित, विशेषज्ञों ने नेत्र सुरक्षा और नियमित जांच का दिया संदेश।

नीमच | पुलिस दर्पण। जिले में आमजन को बेहतर नेत्र स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, नीमच एवं गोमाबाई नेत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर लोगों के लिए बेहद लाभकारी साबित हुआ। कलेक्टर एवं जिला रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में रेडक्रॉस भवन में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

शिविर में विशेषज्ञ नेत्र चिकित्सकों की टीम ने 200 नागरिकों का निःशुल्क नेत्र परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया। जांच के दौरान 37 लोगों में मोतियाबिंद की पहचान हुई, जिन्हें आगे के उपचार एवं शल्य चिकित्सा के लिए रेफर किया गया। वहीं जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क चश्मे और आई ड्रॉप्स भी वितरित किए गए।

विशेषज्ञ चिकित्सकों ने शिविर में उपस्थित लोगों को आंखों की नियमित जांच कराने, स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने तथा दृष्टि संबंधी किसी भी समस्या को नजरअंदाज न करते हुए तुरंत विशेषज्ञ से परामर्श लेने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि समय पर जांच और उपचार से आंखों की कई गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है।

शिविर के दौरान रेडक्रॉस एवं गोमाबाई नेत्रालय की टीम ने सेवाभाव के साथ व्यवस्थाओं का संचालन किया, जिससे लाभार्थियों को बिना किसी परेशानी के स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकीं।

शिविर के सफल आयोजन में जिला पंचायत सीईओ एवं प्रशासक अमन वैष्णव, डिप्टी कलेक्टर एवं सहायक प्रशासक सुश्री श्रुति भयड़िया के निर्देशन में रेडक्रॉस सचिव डॉ. स्वप्निल वधवा, गोमाबाई नेत्रालय के चिकित्सकों तथा रेडक्रॉस के कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। यह शिविर समाज के प्रति सेवा, संवेदनशीलता और स्वास्थ्य जागरूकता का उत्कृष्ट उदाहरण बना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!