मक्का की बाड़ी में उगा रखे थे गांजे के पौधे, बोरदेही पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

देवीनाथ लोखंडे सह संपादक दक्षिण मध्यप्रदेश

बोदुड़ गांव में पुलिस की दबिश, 29 हरे पौधे जब्त; 7.450 किलो गांजे के पौधों की कीमत 44,700 रुपये आंकी गई

बैतूल। जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बोरदेही पुलिस ने ग्राम बोदुड़ में मक्का की बाड़ी से गांजे के 29 हरे पौधे बरामद किए हैं। पुलिस ने इस मामले में 42 वर्षीय भूरा अखण्डे को गिरफ्तार किया है। जब्त पौधों का कुल वजन 7.450 किलोग्राम और अनुमानित कीमत 44,700 रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 16 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बोदुड़ रैय्यत निवासी भूरा अखण्डे ने अपनी मक्का की बाड़ी में गांजे के पौधे लगा रखे हैं। सूचना के आधार पर बोरदेही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और बाड़ी की जांच की। इस दौरान वहां गांजे के हरे पौधे लगे पाए गए।

पुलिस ने मौके से गांजे के 29 पौधे जब्त कर आरोपी भूरा पिता कल्लू अखण्डे, उम्र 42 वर्ष, निवासी ग्राम बोदुड़ रैय्यत को गिरफ्तार किया। आरोपी के विरुद्ध धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

एसपी के निर्देशन में हुई कार्रवाई

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बैतूल वीरेन्द्र जैन के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपुसे तथा मुलताई एसडीओपी एस.के. सिंह के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की है कि अवैध मादक पदार्थों की खेती, तस्करी और बिक्री जैसी गतिविधियों से दूर रहें। ऐसी गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।

पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक भैयालाल उईके, उपनिरीक्षक पंचम सिंह उईके, सहायक उपनिरीक्षक कमल सिंह मेहर, मिंतलाल धुर्वे सहित पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!