धर्म परिवर्तन के मामले में 10 हजार का इनामी फरार आरोपी गिरफ्तार

घुघरी गांव में लोगों को कथित रूप से प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराने के आरोप का मामला, पुलिस ने आरोपी को दबोचा

देवीनाथ लोखंडे सह संपादक दक्षिण मध्यप्रदेश

भैंसदेही। बैतूल जिले के ग्राम घुघरी में धर्म परिवर्तन के लिए कथित रूप से प्रलोभन देने के मामले में फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी गुणवंत मालेवार को भैंसदेही पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी घटना के बाद से ही पुलिस की गिरफ्त से बाहर था। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेश पर जिला जेल बैतूल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार जिले में कानून-व्यवस्था एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने तथा धर्म परिवर्तन से संबंधित गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस अधीक्षक बैतूल वीरेन्द्र जैन ने सभी थाना प्रभारियों को सतर्कता बरतते हुए वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपुसे एवं एसडीओपी भैंसदेही भूपेन्द्र सिंह मौर्य के मार्गदर्शन में भैंसदेही पुलिस द्वारा फरार आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे थे।

23 अगस्त को सामने आया था मामला

पुलिस के मुताबिक 23 अगस्त 2026 को सूचना मिली थी कि ग्राम घुघरी में कुछ व्यक्तियों द्वारा ईसाई धर्म का प्रचार-प्रसार करते हुए लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए कथित रूप से प्रलोभन दिया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी भैंसदेही निरीक्षक राजेश सातनकर के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई की।

फरियादी गोकुल पिता शंकरराव पंद्राम, उम्र 50 वर्ष, निवासी ग्राम सावलमेंढा द्वारा दिए गए लिखित आवेदन के आधार पर पुलिस ने प्रथम दृष्टया मध्यप्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम, 2021 की धारा 3 एवं 5 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

एक आरोपी पहले ही हो चुका था गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार मामले में दो आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई थी, लेकिन आरोपी गुणवंत पिता परसराम मालेवार, निवासी ग्राम गदराझिरी घटना के बाद से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस द्वारा 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस टीम लगातार उसकी तलाश में जुटी थी।

आखिरकार 3 सितंबर 2026 को पुलिस ने फरार आरोपी गुणवंत मालेवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जिला जेल बैतूल में निरुद्ध करने के आदेश दिए गए।

पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका

फरार इनामी आरोपी को पकड़ने में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश सातनकर, उप निरीक्षक नेपाल सिंह ठाकुर, उप निरीक्षक रामप्रकाश कीर, सहायक उप निरीक्षक बलीराम बम्हनेले सहित पुलिस टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस की इस कार्रवाई से धर्म परिवर्तन से जुड़े मामले में फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी होने से जांच को आगे बढ़ाने में मदद मिलने की बात सामने आई है।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!