झूठे केस में फंसाने की धमकी और प्रताड़ना से परेशान युवक ने की आत्महत्या, युवती समेत दो पर एफ आई आर

सह संपादक बैतूल देवीनाथ लोखंडे

बैतूल। प्रताड़ना और झूठे कानूनी मामले में फंसाने की धमकी से परेशान होकर एक 24 वर्षीय युवक द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। कोतवाली पुलिस ने जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर एक युवती और उसके साथी के खिलाफ आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण (उकसाने) का मामला दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, विगत 10 जुलाई को मृतक आकाश राठौर, पिता शिवराम राठौर, पांढरढाना खेड़ीसावलीगढ़ स्थित मंगल भवन के पास संदिग्ध परिस्थितियों में उल्टियां करते हुए मिला था। परिजन उसे तत्काल बैतूल के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां से गंभीर हालत होने पर नागपुर रेफर किया गया।

आरोप है कि नागपुर ले जाते समय रास्ते में आकाश ने अपने भाई विकास, बहन नंदनी तथा गवाह आकाश बल्ला राठौर को बताया कि विशाखा उर्फ गौरी अग्रवाल उसे लगातार प्रताड़ित कर रही थी। उसने यह भी आरोप लगाया कि युवती उसे झूठे दुष्कर्म के मामले में फंसाने तथा युवराज ठाकुर से पिटवाने की धमकी दे रही थी। इसी मानसिक दबाव और बदनामी के डर से उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

मामले में पुलिस ने पहले मर्ग कायम कर जांच शुरू की। जांच के दौरान मृतक और आरोपियों के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) प्राप्त की गई, जिसमें घटना वाले दिन उनके बीच बातचीत होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने परिजनों, गवाहों के बयान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर प्रथम दृष्टया पाया कि कथित प्रताड़ना से परेशान होकर आकाश ने आत्मघाती कदम उठाया।

कोतवाली थाना पुलिस ने 31 जुलाई को विशाखा उर्फ गौरी अग्रवाल और युवराज ठाकुर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 108 (आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण) तथा धारा 3(5) के तहत अपराध क्रमांक 0640 दर्ज किया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक राकेश कुमार सरयाम को सौंपी गई है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी युवराज ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपी की तलाश जारी है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!