राष्ट्रीय एकता दिवस परेड के लिए भोपाल से निकलेगी राष्ट्रव्यापी मोटरसाइकिल रैली

डीजीपी कैलाश मकवाणा 22 अक्टूबर को लाल परेड ग्राउंड से करेंगे फ्लैग ऑफ, 14 राज्यों के 146 पुलिस राइडर्स देंगे ‘नशे के विरुद्ध’ का संदेश

भोपाल, 21 अक्टूबर 2026। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर 31 अक्टूबर को गुजरात के एकता नगर (केवड़िया) में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय एकता दिवस परेड के तहत राष्ट्रव्यापी मोटरसाइकिल रैली निकाली जा रही है। रैली का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने के साथ-साथ समाज में नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाना है।

मध्यप्रदेश से रवाना होने वाली रैली और अन्य राज्यों की टीमों को पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा 22 अक्टूबर को सुबह 10 बजे भोपाल के लाल परेड ग्राउंड से फ्लैग ऑफ करेंगे। इस रैली में मध्यप्रदेश पुलिस के सात सदस्यीय बाइक राइडर्स दल सहित कुल 14 राज्यों के 146 पुलिस राइडर्स हिस्सा लेंगे।

13 राज्यों के 139 पुलिस राइडर्स भी होंगे शामिल

मध्यप्रदेश पुलिस का सात सदस्यीय दल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेगा। इसके साथ जोन-2 (सेंट्रल) एवं जोन-4 (नॉर्थ ईस्ट) से संबंधित 13 राज्यों के 139 पुलिस राइडर्स भी भोपाल से रवाना होंगे। सभी दल मध्यप्रदेश के निर्धारित मार्गों से गुजरते हुए गुजरात के एकता नगर पहुंचेंगे।

रैली में बिहार, छत्तीसगढ़, झारखंड, मध्यप्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, त्रिपुरा, मिजोरम, मणिपुर, नागालैंड, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, असम और सिक्किम की पुलिस टीमें शामिल होंगी।

‘फाइट अगेंस्ट ड्रग्स’ का देंगे संदेश

राष्ट्रव्यापी मोटरसाइकिल रैली के माध्यम से ‘Fight Against Drugs’ यानी नशे के विरुद्ध अभियान का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर जनसंपर्क और जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, ताकि लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जा सके।

सुरक्षा और व्यवस्थाओं के लिए निर्देश जारी

रैली में शामिल पुलिस राइडर्स के सुरक्षित आवागमन, रात्रि विश्राम, स्वागत और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए संबंधित जिलों को निर्देश जारी किए गए हैं। स्थानीय पुलिस निर्धारित मार्गों पर सुरक्षा और सुचारु यातायात सुनिश्चित करेगी।

31 अक्टूबर को एकता नगर में रैली का समापन होगा। यहां सभी राज्यों के पुलिस राइडर्स राष्ट्रीय एकता दिवस परेड में शामिल होकर देश की एकता, अखंडता और नशामुक्त समाज का संदेश देंगे।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!